Shooting Investigation Continues : TI के मोबाइल का पैटर्न लॉक खुलवाकर राज पता करने की कोशिश

पुलिस ASI के बयान के अलावा भी कई बिंदुओं पर जांच कर रही

572

Indore : भोपाल में पदस्थ TI हाकम सिंह पवार ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। उन्होंने पहले एक महिला ASI रंजना खांडे को गोली मारी। इसके बाद खुद जान दे दी। इस मामले में पुलिस घटना की सत्यता पता लगाने के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। वहीं TI के मोबाइल से भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस मोबाइल का पैटर्न लॉक खुलवाया जा रहा है।
घटना में घायल एसआई ने उन्हें अपने पिता तुल्य बताया कहा कि उनसे कार का विवाद था, जबकि पुलिस का मानना है कि घटना के पीछे और कुछ भी कारण हो सकता है। पुलिस टीआई के मोबाइल का पैटर्न लॉक खुलवाएगी, जिससे कई खुलासे होने की संभावना है। गोली लगने से घायल रंजना खांडे ने पुलिस को बताया कि उसने TI से कार खरीदी थी। लेकिन, वो कार देने को लेकर ना-नुकुर कर रहे थे। इस बात को लेकर भोपाल में टीआई हाकम सिंह की शिकायत की थी। इसके बाद वो इस मामले को सुलझाने के लिए इंदौर आए थे। इसी दौरान कार की बात को लेकर ही दोनों के बीच झगड़ा हुआ और ये घटना हो गई।

10 दिन पहले हुआ विवाद
घटना के समय रंजना का भाई कमलेश साथ था। कमलेश ने पुलिस को बताया, पुलिस में नौकरी के बाद बहन ने शादी नहीं की। हम चार भाई-बहन हैं। 10 दिन पहले क्रेटा गाड़ी को लेकर हाकम सिंह और बहन के बीच विवाद हुआ था। जिसके लिए रंजना ने भोपाल के जोन-3 के डीसीपी से शिकायत की थी। इस मामले को खत्म करने के लिए हाकम सिंह इंदौर आए थे। कमलेश ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को गाड़ी हेंडओवर करने के लिए हाकम सिंह ने रंजना को पुलिस कंट्रोल रूम के रेस्टोरेंट में बुलाया था। दोनों के बीच पहले विवाद हो चुका है। इसलिए इस बार बहन ने मुझे भी बुला लिया।
पत्नी का आरोप, परेशान कर रही थी

जानलेवा हमले का प्रकरण
महिला पुलिसकर्मी को गोली मारने वाले टीआई के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है। टीआई ने महिला पुलिसकर्मी को गोली मारने के बाद खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। छोटी ग्वालटोली पुलिस ने सिलिकॉन सिटी में रहने वाली महिला पुलिसकर्मी की शिकायत पर हाकम सिंह पवार निवासी श्यामला हिल्स थाना प्रभारी भोपाल के खिलाफ जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज किया है।

तीसरी पत्नी ने कई जानकारियां दी
टीआई हाकम सिंह के सुसाइड मामले में उनकी तीसरी पत्नी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सुसाइड का पता चलते ही उनकी पत्नी रेशमा मॉर्चरी पहुंची। रेशमा ने पुलिस को आरोप लगाते हुए बताया कि एएसआई रंजना उनको कई दिनों से परेशान कर रही थी। उन्होंने रंजना से 5 लाख रुपए का सोना लिया था। ASI यही रुपए वापस मांग रही थी। रेशमा का कहना था कि 8 साल पहले हाकम सिंह की पोस्टिंग गौतमपुरा में थी। इसी दौरान मेरी मुलाकात हाकम सिंह से हुई थी। मुलाकात बढ़ती गई और एक दिन हमने शादी कर ली।
हाकम सिंह ने दो शादियां और की थीं। मैं उनकी तीसरी पत्नी हूं। हाकम सिंह ने जिस एएसआई रंजना को गोली मारी, उसके बारे में मुझे बताया था। रंजना ने शादी नहीं की है। वह कई दिनों से उन्हें परेशान कर रही थी। इन्वेस्टमेंट के नाम पर हाकमसिंह ने रंजना से 5 लाख रुपए का सोना लिया था। उन्होंने कई बार इस बारे में मुझे बताया। वो रुपए की मांग कर रही थी। हाकम सिंह ने मुझसे रुपए मांगे। मुझसे उनकी परेशानी देखी नहीं गई, तो मैंने प्लॉट और जेवर गिरवी रखकर 5 लाख का इंतजाम किया और हाकम सिंह को दिए। इसके बाद शुक्रवार को मुझे उनके सुसाइड की खबर मिली।

अन्य कारण भी संभव
घटना के बाद से ही पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि कार के विवाद के अलावा अन्य भी कारण हो सकते हैं, जिसके चलते घटना हुई है। पुलिस टीआई के मोबाइल की जांच भी कराएगी। माना जा रहा है कि इसमें कॉलिंग, चेटिंग से कई राज खुल सकते हैं और घटना की कारण सामने आ सकता है। पुलिस ने घटना की जांच में कई बिंदुओं को शामिल किया है। घायल एसआई द्वारा कार के विवाद के अलावा रुपयों के लेनदेन और अन्य तथ्यों पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि कोई बड़ा कारण ही रहा होगा, जो टीआई ने इस तरह का कदम उठाया।

प्रमोशन नहीं लिया
हाकम सिंह को दो बार प्रमोशन मिला था, लेकिन उन्होंने इसे लेने से इनकार दिया था। उनका मानना था कि प्रमोशन लेने के बाद वे बाबूगिरी नहीं कर सकते हैं। वे जिस भी थाने पर पदस्थ होते थे वहां पर उनका मिजाज दोस्ताना रहता था।