Silver Screen:सिनेमा के बड़े सितारों को बीमारियां भी बड़ी!  

789

Silver Screen:सिनेमा के बड़े सितारों को बीमारियां भी बड़ी!  

बॉलीवुड में जब कोई कलाकार किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित होता है, तो उससे फिल्म से जुड़े कई लोग प्रभावित होते हैं। लेकिन, यह तय है कि बीमारी से कोई भी मुक्त नहीं है, फिर वो कितना भी बड़ा कलाकार ही क्यों न हो! बॉलीवुड में इन दिनों कई नामचीन लोग किसी न किसी बीमारी की गिरफ्त में हैं। कुछ की बीमारी जगजाहिर है, कुछ ने छुपा रखी है। लेकिन, बीमारी वो बला है जो कभी छुपी नहीं रहती! पहले के दौर में फिल्मी कलाकारों को लगता था कि अगर उनकी बीमारी की बात उनके चाहने वालों तक पहुंची, तो उनके करियर पर असर पड़ेगा। हो सकता है उन्हें काम भी नहीं मिलें। लेकिन, अब वो समय नहीं रहा। अब तो कलाकार खुद सोशल मीडिया पर बीमारी खुलासा करते हैं। लेकिन, पहले बीमारी को छुपाया जाता था। यही कारण है कि मधुबाला, किशोर कुमार, मीना कुमारी और गीता बाली की बीमारी का अंत तक किसी को पता नहीं चला।

IMG 20240419 WA0082

बॉलीवुड का इतिहास फिल्मों से जुड़े लोगों की बीमारियों से भरा पड़ा है। कई बड़े कलाकार और डायरेक्टर जानलेवा बीमारियों का शिकार हुए! कुछ इलाज से ठीक हो गए, तो कुछ को बीमारियों ने लील लिया। अमिताभ बच्चन जैसे महानायक कई बीमारियों से पीड़ित हैं। करीब 40 साल पहले ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें लीवर सिरोसिस भी है, जो ‘कुली’ के सेट पर घायल होने दौरान ब्लड ट्रान्सफ्यूशन से हुआ। इसका असर आज भी खत्म नहीं हुआ। उन्हें अक्सर पेट में दर्द की शिकायत रहती है। उन्हें हेपेटाइटिस-बी भी हुआ था, जिसके चलते उनके लीवर का 75% हिस्सा खराब हो गया। इसके अलावा वे अस्थमा, लीवर सिरोसिस, टीबी, डाइवर्टिक्युलाइटिस ऑफ स्मॉल इंटेस्टाइन जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं।

सलमान खान आज के सबसे सफल नायक हैं। लेकिन, वे भी लंबे समय से एक अजीब सी बीमारी से परेशान हैं। मेडिकल की भाषा में इसे ‘ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया’ (प्रोसोपाल्जिया) कहा जाता है। यह चेहरे और जबड़े से जुड़ी ऐसी बीमारी है, जिसमें मरीज को हमेशा झनझनाहट जैसा दर्द होता रहता है। इसे फेसियल डिसऑर्डर भी समझा जा सकता है। ये बीमारी हज़ारों में एक को होती है। सलमान को इस बीमारी के चलते बहुत परेशानी होती है। कई बार बोलते समय उन्हें बहुत तेज दर्द होता है। यह दर्द कुछ सेकंडों या मिनटों के लिए होता है जो असहनीय होता है। उन्होंने अमेरिका से इसका इलाज करवाया जिसके बाद वो बेहतर हैं।

शाहरुख खान भी अब तक शरीर के अलग-अलग हिस्सों की आठ सर्जरी करा चुके हैं। बताया जाता है कि इसका कारण फिल्मों में डांस और एक्शन सीन हैं। फिल्म ‘कृष’ की शूटिंग के 2013 में रितिक रोशन ने कई एक्शन सीन किए थे। इसका असर उनके दिमाग पर भी पड़ा। दो महीने तक सिरदर्द की शिकायत रहने के बाद जब उनका सीटी स्कैन और एमआरआई किया गया तो पता चला कि उनके दिमाग में क्लॉट है, इसे क्रोनिक सबड्यूरल हीमेटोमा कहा जाता है। समझने के लिए इतना है कि उनके दिमाग में खून के थक्के जमा हैं। डॉक्टरों के मुताबिक सामान्यतः दिमाग की ऐसी स्थिति 65 साल की उम्र के बाद होती है। लेकिन, ऑपरेशन के बाद से रितिक ठीक हैं।

IMG 20240419 WA0082

मिथुन चक्रवर्ती को फिल्मों में अपनी डांस स्टाइल के लिए जाना जाता रहा है। लेकिन, इन दिनों वे अपनी खराब सेहत की वजह से चर्चा में हैं। मिथुन को कोलकाता के एक प्राइवेट हॉस्पिटल भर्ती कराया गया था। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत थी। दरअसल, उन्हें इस्केमिक सेरेब्रोवास्कुलर स्ट्रोक हुआ था। यह हार्ट से जुड़ी एक स्थिति है। इस प्रकार के स्ट्रोक में ब्रेन की तरफ ब्लड सर्कुलेशन में रुकावट आने लगती है। ब्रेन में रक्त का संचार स्लो होने के कारण ब्रेन को ऑक्सीजन और अन्य पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं जिससे ब्रेन डैमेज का रिस्क बढ़ जाता है। यह जानलेवा बीमारी है। इसे दुनिया की 10 घातक बीमारियों में एक माना जाता है। संजय दत्त ने भी 2020 में एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस बात की पुष्टि की थी कि उन्हें कैंसर है। उनका देश और विदेश में इलाज हुआ। वरुण धवन ने भी खुलासा किया कि वे वेस्टिबुलर हाइपर फंक्शन नाम की बीमारी के शिकार हैं। यह एक बैलेंस डिसऑर्डर होता है, जो कान में इंफेक्शन या अन्य वजहों से हो जाता है।

IMG 20240419 WA0084

70 के दशक की चर्चित अभिनेत्री मुमताज ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से ग्रसित रहीं। 2000 में उन्हें इस बीमारी का पता चला और इसका इलाज हुआ। मुमताज के अलावा सोनाली बेंद्रे, लीजा रे, मनीषा कोइराला, ताहिरा कश्यप (आयुष्मान खुराना की पत्नी), अनुराग बासु कुछ ऐसे नाम हैं, जिन्होंने कैंसर को मात दी। अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने भी ब्रेन डिसऑर्डर एपिलेप्सी की समस्या होने की बात कही थी। इसमें मरीज को मिर्गी के दौरे आते हैं। अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु ने भी सोशल मीडिया पर बताया था कि वे मायोसाइटिस नामक एक ऑटोइम्यून डिसऑर्डर से ट्रस्ट हैं। यह कई बीमारियों का एक ग्रुप है। खूबसूरत अभिनेत्री यामी गौतम स्किन से जुड़ी बीमारी से पीड़ित हैं। इसे स्किन कंडीशन केराटोसिस पिलारिस कहा जाता हैं। इसमें स्किन पर छोटे-छोटे दाने हो जाते हैं। यामी इन दानों को छिपाने के लिए मेकअप का इस्तेमाल करना पड़ता है।

ऐश्वर्या राय की हमशक्ल मानी जाने वाली अभिनेत्री स्नेहा उल्लाल भी गंभीर बीमारी से पीड़ित रह चुकी हैं। वे ऑटोइम्यून डिसऑर्डर से पीड़ित रही। यह बीमारी खून से जुड़ी है। इससे वे इतनी कमजोर हो गईं थीं कि आधे घंटे खड़ी भी नहीं रह पाती थीं। लंबे समय तक उनका इलाज चला और अब वे ठीक हैं। अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर को इंडस्ट्री की स्टाइलिश एक्ट्रेस कहा जाता है। सोनम अपनी फिटनेस का भी काफी ख्याल रखती हैं। लेकिन, टीन एज में वे डायबिटीज से पीड़ित रह चुकी हैं। सोनम ने डाइट कंट्रोल करके इस बीमारी से निजात पाया।

IMG 20240419 WA0080

कलाकारों पर सबसे ज्यादा कहर बरपाया कैंसर ने! ऋतुराज सिंह, ऋषि कपूर, इरफ़ान खान से पहले मुमताज, फिरोज खान, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, टॉम आल्टर और उससे पहले नरगिस और पृथ्वीराज कपूर भी कैंसर के सामने हार चुके हैं! राकेश रोशन को भी गले का कैंसर बताया गया है। 2007 में सैफ अली खान को छाती में दर्द की तकलीफ हुई थी। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें दिल का हल्का दौरा पड़ा था। उसके बाद से सेहत को लेकर ज्यादा सचेत हो गए हैं। ऐसा नहीं कि आज के कलाकारों पर ही बीमारियां मेहरबान हो रही है। गुजरे जमाने के राज कपूर भी दमे का शिकार हुए थे।

IMG 20240419 WA0083

जाने-माने अभिनेता दिलीप कुमार दुनिया से विदा हो चुके। वे लंबे समय तक किडनी की समस्या से जूझते रहे। इसके अलावा उन्हें फेफड़ों में भी संक्रमण था, जिसके चलते वे अकसर अस्पताल में भर्ती रहे। एक्ट्रेस साधना ऐसे रोग से बीमार हुई, जिसका इलाज आज 50 पैसे की गोली से हो जाता है। बचपन में चेचक का टीका न लगने से गीताबाली को जान गंवानी पड़ी थी। पृथ्वीराज कपूर कैंसर का शिकार होने वाले पहले फिल्म सितारा थे। उनके बेटे शम्मी कपूर ने अपने जीवन की सांझ डायलिसिस करते गुजारी। जुबली फिल्मों के सितारे राजेंद्र कुमार भी बीमारी का ही शिकार हुए थे!

IMG 20240419 WA0081

फ़िल्मी दुनिया के वे सितारे खुशनसीब हैं, जो दर्द से कराहकर और इलाज कराकर आज दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। लेकिन, ये किस्मत संजीव कुमार, विनोद मेहरा, अमजद खान, संगीतकार आदेश श्रीवास्तव, टॉम आल्टर, फिरोज खान, लक्ष्मीकांत बेर्डे, नरगिस, मीना कुमारी, मधुबाला और गीता बाली जैसे लोगों की नहीं रही! ये सभी किसी न किसी बीमारी का असमय शिकार हुए थे। लेकिन, बीमारी किसी की लोकप्रियता से प्रभावित नहीं होती! जब बीमारी को आना होता है, तो वो कोई पहचान नहीं देखती कि उसका शिकार होने वाला इरफ़ान खान है ऋषि कपूर है क्यूया कोई आम आदमी!

Author profile
Hemant pal
हेमंत पाल

चार दशक से हिंदी पत्रकारिता से जुड़े हेमंत पाल ने देश के सभी प्रतिष्ठित अख़बारों और पत्रिकाओं में कई विषयों पर अपनी लेखनी चलाई। लेकिन, राजनीति और फिल्म पर लेखन उनके प्रिय विषय हैं। दो दशक से ज्यादा समय तक 'नईदुनिया' में पत्रकारिता की, लम्बे समय तक 'चुनाव डेस्क' के प्रभारी रहे। वे 'जनसत्ता' (मुंबई) में भी रहे और सभी संस्करणों के लिए फिल्म/टीवी पेज के प्रभारी के रूप में काम किया। फ़िलहाल 'सुबह सवेरे' इंदौर संस्करण के स्थानीय संपादक हैं।

संपर्क : 9755499919
hemantpal60@gmail.com