Summer : सबसे गर्म फ़रवरी के बाद मार्च भी पीछे नहीं रहेगा!

इस बार मार्च गर्मी का रिकॉर्ड बनाएगा, लू भी चलेगी!

445

Summer : सबसे गर्म फ़रवरी के बाद मार्च भी पीछे नहीं रहेगा!

Indore : इस बार की फरवरी कई सालों बाद बेहद गर्म रही। इस बार मार्च में गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाएगी। मार्च के मौसम का अंदाज कुछ अलग ही नजर आ रहा है। एक दशक बाद दिन का अधिकतम तापमान तीन बार 40 से ज्यादा डिग्री तक पहुंचा। पिछले साल पारा 38 डिग्री से ज्यादा था। इस बार आसार है कि मार्च में पारा खासा ऊपर जाएगा और लू भी चलेगी।

इस बार खास यह रहा कि इंदौर में फरवरी के आखिरी दिनों में ठंड लगभग विदा हो गई। 28 फरवरी को तो दिन का तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो तीन सालों में सबसे ज्यादा था। इस बार 1 मार्च को दिन का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अब पारे में गिरावट के आसार नहीं है। इस बार मार्च के तीसरे हफ्ते में लू चलना शुरू हो जाएगी।

मौसम के बदलाव का महीना 

सामान्यतः मार्च का महीना मौसम के ठंड से गर्मी में परिवर्तित होने वाला समय है। तापमान दिनोंदिन बढ़ता जाता है। इस दौरान हवाएं हल्की और दिशा में परिवर्तनशील होती हैं। कभी हवाएं पश्चिम की तरफ से आती लगती है, तो कभी दोपहर बाद हवाएं तेज एवं गर्म हो जाती हैं। इस महीने में अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर बहुत ज्यादा होता है। मार्च के अंत तक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाता है। मार्च में औसत आर्द्रता लगभग 16% से 33% तक होती है और वातावरण धूमिल सा हो जाता है।

41 डिग्री से ज्यादा था तापमान

मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक मार्च में सबसे अधिकतम तापमान 28 मार्च 1892 को 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ऐसे ही रात का सबसे न्यूनतम तापमान 4 मार्च 1898 को 5 डिग्री सेल्सियस रहा। वर्तमान में उत्तर में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है जो 3 मार्च तक यह एक्टिव रहेगा। इसके बाद आसमान साफ होने से तापमान में इजाफा होगा।