CPR देकर जान बचाने वाले दोनों पुलिसकर्मियों को DGP करेंगे पुरस्कृत

35

CPR देकर जान बचाने वाले दोनों पुलिसकर्मियों को DGP करेंगे पुरस्कृत

भोपाल। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में सोमवार को विदिशा निवासी देवेंद्र सक्सेना की जान दो पुलिसकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से बच गई। ऐसे में अब DGP कैलाश मकवाना ने दोनों पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। दोनों की सूझबूझ और जन हित का जज्बा अन्य पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी सीख बनेगा। इस उद्देश्य से दोनों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे देवेंद्र सक्सेना को अचानक दिल का दौरा पड़ने की आशंका के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वहां मौजूद आरक्षक रंजीत रघुवंशी और मुकेश साहू ने बिना समय गंवाए उन्हें सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। कुछ ही देर में उनकी सांसें दोबारा चलने लगीं और हालत में सुधार दिखाई दिया। इसके बाद आरआई जयसिंह तोमर ने तत्परता दिखाते हुए अपने वाहन से देवेंद्र सक्सेना को तत्काल उपचार के लिए अनंत हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिसकर्मियों की समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। अब सक्सेना की स्थिति ठीक है।