“मिशन 3D” का असर: सादगीपूर्ण शादी बनी मिसाल, पुलिस ने परिवार का किया सम्मान

65

“मिशन 3D” का असर: सादगीपूर्ण शादी बनी मिसाल, पुलिस ने परिवार का किया सम्मान

बड़वानी: बड़वानी जिले में पुलिस द्वारा संचालित “मिशन 3D” (दहेज, दारू, डीजे मुक्त अभियान) अब जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाता नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों तक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

इसी कड़ी में थाना पाटी क्षेत्र के ग्राम सावरियापानी में एक परिवार ने सादगीपूर्ण एवं कुरीतिमुक्त विवाह कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

ग्राम सावरियापानी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता हरसिंह जमरे ने अपनी पुत्री का विवाह “मिशन 3D” के सिद्धांतों के अनुरूप संपन्न किया। उन्होंने दहेज प्रथा का पूरी तरह त्याग करते हुए बिना किसी लेन-देन के विवाह किया। इसके साथ ही विवाह समारोह को पूर्णतः नशामुक्त रखा गया, जिसमें शराब का किसी भी प्रकार से उपयोग नहीं किया गया। इसके अलावा डीजे और तेज ध्वनि वाले उपकरणों से दूरी बनाकर न केवल ध्वनि प्रदूषण से बचाव किया गया, बल्कि फिजूलखर्ची पर भी नियंत्रण रखा गया।

WhatsApp Image 2026 04 26 at 19.49.53

इस सराहनीय पहल की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने गांव पहुंचकर परिवार का सम्मान किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी श्री महेश सुनैया, थाना प्रभारी पाटी उपनिरीक्षक रामदास यादव सहित पुलिस टीम ने हरसिंह जमरे और उनके परिवार को पुष्पमाला, शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने उनके इस कदम को समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए अन्य लोगों से भी ऐसी पहल अपनाने की अपील की।

“मिशन 3D” का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त दहेज प्रथा, नशे की प्रवृत्ति और अनावश्यक खर्च जैसी कुरीतियों को समाप्त करना है। यह अभियान लोगों को सरल और सादगीपूर्ण विवाह की ओर प्रेरित कर रहा है, जिससे आर्थिक बोझ कम होने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी बढ़ रही है।

WhatsApp Image 2026 04 26 at 19.49.53 1

बड़वानी पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे भी इस मुहिम से जुड़ें और दहेज, दारू व डीजे मुक्त विवाह को अपनाकर एक स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।