
हॉकी कोच एवं सीनियर खिलाड़ी स्वर्गीय अमरसिंह शेखावत स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का हुआ समापन
खेलो इंडिया क्लब 2-0 से विजेता रहा – 5 दिन चले टूर्नामेंट में किशोर खिलाड़ियों का श्रेष्ठ प्रदर्शन
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर। अंचल के हॉकी कोच एवं सीनियर खिलाड़ी स्वर्गीय श्री अमर सिंह शेखावत स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन जिला मंदसौर हॉकी एसोसिएशन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 19 मई से 24 मई तक किया गया। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न हॉकी क्लबों एवं खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें अंडर-16 गर्ल्स एवं बॉयज वर्ग के मैच विशेष आकर्षण रहे।

फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया क्लब एवं हॉकी फीडर सेंटर के बीच खेला गया, जिसमें खेलो इंडिया क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फीडर सेंटर को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मैच एस्ट्रो टर्फ हॉकी ग्राउंड पर रात्रि में दूधिया रोशनी में खेला गया। विजेताओं उप विजेताओं बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच एवं बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार ट्रॉफी और नक़द राशि सांसद सुधीर गुप्ता पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती रमा देवी गुर्जर न्यायाधीश राजकुमार त्रिपाठी सीनियर नैशनल खिलाड़ी गिरिजा शंकर रूनवाल एनसीसी बटालियन कमांडेंट कर्नल सुनील चिकोड़े जन परिषद मंदसौर चैप्टर अध्यक्ष एवं सीनियर खिलाड़ी डॉ घनश्याम बटवाल, पुलकित पटवा मनोज जैन इंटरनेशनल खिलाड़ी अदिति माहेश्वरी उद्योगपति श्री विशाल गोयल पार्षद श्रीमती दिव्या अनूप माहेश्वरी जिला खेल अधिकारी विजेंद्र देवड़ा के हाथों प्रदान किए गए ।
प्रतियोगिता के दौरान हर्षित एवं मधु को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। फाइनल मैच में तनिष्का परिहार को “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार प्रदान किया गया। इससे पूर्व तृतीय स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में दुबेला क्लब ने अमर क्लब को 5-2 से हराया। इस मैच में दुबेला क्लब की सराहना राठौर को “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार दिया गया।

प्रतियोगिता में व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिनमें बेस्ट अटैकर वीर राज, बेस्ट गोलकीपर पूरनजय सिंह तथा बेस्ट मिडफील्डर शगुन मालवीय को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में विजेता खेलो इंडिया क्लब को ₹21,000, उपविजेता फीडर सेंटर क्लब को ₹11,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त दुबेला क्लब को ₹7,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। साथ ही खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर भी सम्मानित किया गया।

हार्डलाइन मैच खेला गया, और वहीं फाइनल मुकाबला शाम को आयोजित हुआ, अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए गए।

हॉकी कोच रवि कोपरगांवकर वैभव चौरसिया हिमांश कुमावत ने बताया कि यह प्रतियोगिता उन खिलाड़ियों द्वारा आयोजित की गई, जिन्होंने हॉकी फीडर सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया तथा वर्तमान में भारत सरकार के विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें उच्च स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस मौके पर बताया गया कि लगातार उपलब्धि प्राप्त कर रहे मंदसौर टीम के पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और मंदसौर जिले का गौरव बढ़ाया है तथा यह क्रम निरन्तर चल रहा है।

डिस्ट्रिक्ट हॉकी एसोसिएशन वरिष्ठ कोच श्री अविनाश उपाध्याय का सांसद सुधीर गुप्ता पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया वरिष्ठ पत्रकार डॉ घनश्याम बटवाल जिला खेल अधिकारी विजेंद्र देवड़ा एवं हॉकी एसोसिएशन द्वारा अनथक सेवाएं और समर्पण के लिए प्रतीक चिन्ह भेंट कर शॉल श्रीफल से सम्मानित किया गया।

पूरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन संगठन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिसोदिया, सचिव अविनाश उपाध्याय, जिला खेल अधिकारी विजेंद्र देवड़ा एवं मंदसौर जिले के समस्त प्रशिक्षकों एवं कोचों के सहयोग से संपन्न हुआ। संचालन अब्दुल रज्जाक खान शैलेन्द्र मसीह ने किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावक खेल प्रेमी ओर गणमान्य जनों की उपस्थिति रही।




