
देवास के एमजी अस्पताल पर नगर निगम ने ठोका 1 लाख का जुर्माना, कचरा संग्रहण पर रोक
देवास के महात्मा गांधी चिकित्सालय पर शनिवार को नगर निगम ने 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई निगम के कचरा संग्रहण वाहन में सामान्य कचरे के साथ मेडिकल वेस्ट डालने के आरोप में की गई है।मध्यप्रदेश के देवास जिले में स्वच्छता नियमों की धज्जियां उड़ाने पर नगर निगम ने महात्मा गांधी अस्पताल (Dewas Mahatma Gandhi Hospital) के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अस्पताल से अब सामान्य कचरे के साथ संक्रामक मेडिकल वेस्ट फेंकने का मामला सामने आया है। आरोप है कि निगम के कचरा संग्रहण वाहन में अस्पताल का मेडिकल वेस्ट डाला गया था। साथ ही परिसर में कचरा फैला था। मामले में नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार के सख्त रुख के बाद अस्पताल पर 1 लाख रुपए की चालानी कार्रवाई की है। आयुक्त के निर्देश पर अस्पताल का कचरा संग्रहण तब तक रोक दिया गया है जब तक जुर्माने की राशि जमा नहीं होती।





