सतपुड़ा की वादियां झूमेंगी,शिव की भक्ति में,पचमढ़ी के शिवमहोत्सव में

सतपुड़ा की वादियां झूमेंगी,शिव की भक्ति में,पचमढ़ी के शिवमहोत्सव में

पचमढ़ी। महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन में महाकाल लोक लोकार्पण समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर नर्मदापुरम जिले के प्रसिद्ध शिवालयों में उत्सव मनाया जाएगा। जिसकी व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। द्वादश ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर महादेव मंदिर में महोत्सव के उपलक्ष्य में नर्मदांचल भी शिवमय होने जा रहा है। सभी शिवालयों में विशेष साज सज्जा की जा रही है। संत, महंत, पंडित, पुजारियों के साथ ही शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। महाशिवरात्रि और श्रावण के महिने की तरह ही 11 अक्टूबर को एक बार फिर भोले के भक्त शिव भक्ति में सराबोर नजर आएंगे। इसी श्रृंखला में भगवान शिव की विशेष कृपा पात्र देश की प्रसिद्ध पर्यटन स्थली सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी में भी विशेष महोत्सव मनाया जाएगा।

WhatsApp Image 2022 10 08 at 9.15.11 PM 2

पचमढ़ी के सभी प्रसिद्ध महादेव स्थलों पर पूजन, अर्चन, महारूद्राभिषेक, और महाआरती के साथ ही अन्य धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सैलानी,नागरिक व शिवभक्त शामिल रहेंगे। इस सुअवसर पर विशेष विद्युत सजावट के साथ ही शिव प्रांगणों को दीपों से जगमग किया जाएगा।

प्रकृति प्रदत्त सौंदर्यता से सराबोर पचमढ़ी में शिवजी के अनेक ऐतिहासिक स्थान हैं। जिनमें बड़ा महादेव मंदिर, चौरागढ़ महादेव मंदिर, जटाशंकर महादेव, गुप्त महादेव, आदि अनेक स्थान पर भोले बाबा विराजे हुए हैं। इन क्षेत्रों में 12 महिने श्रद्धालु, सैलानी, दर्शन पूजन अर्चन के लिए जाते हैं। प्राचीन काल से लेकर अब तक सतपुड़ांचल जनाकर्षण का केंद्र है जिसकी मुख्य वजह शिवजी के अनेक प्राकृतिक स्थल ही लोगों को आकर्षित करते हैं। चाहे महाभारत काल में पांडवों का आगमन, नागद्वारी मेला, महाशिवरात्री मेला, इसके अलावा अंग्रेजों का रहवास, पूर्व राष्ट्रपति, पूर्व प्रधानमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल या मप्र शासन ग्रीष्मकालीन राजधानी रहना, पचमढ़ी उत्सव जैसे अनेक कार्यक्रम, व हरी भरी वादियाां लोगों को लुभाती हैं।

WhatsApp Image 2022 10 08 at 9.15.10 PM

कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पचमढ़ी के प्रमुख शिवजी के स्थानों पर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिनकी तैयारी जारी है। इन स्थानों पर भी उज्जैन के कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। पंचमढ़ी में जटा शंकर मंदिर सबसे प्रसिद्ध पवित्र मंदिरों में से एक है। यह मंदिर खाई और चट्टान में है। चट्टानों में से पानी रिसता रहता है। जो भोले का अभिषेक करता है। जटाशंकर की उत्पत्ति जटा अर्थात बालों से हुई है और शंकर भगवान शिव का दूसरा नाम है। गुफा में छोटे-छोटे बहुत सारे शिवलिंग देखने को मिलते हैं। मुख्य मंदिर क्षेत्र के अंदर दो अलग-अलग तालाब हैं। एक में ठंडा पानी दूसरे में गर्म पानी रहता है। इस स्थान पर वर्ष भर लोग आते जाते हैं। भगवान शिव का यह पवित्र स्थान एक ऐसा केंद्र है जो धार्मिक रूप से और प्रकृति प्रेमियों के लिए भी पसंद है। बड़ा महादेव मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। यह मंदिर घने जंगलों के बीच में स्थित है।

WhatsApp Image 2022 10 08 at 9.15.11 PM 1

इस मंदिर में एक गुफा है। इस गुफा के अंदर शिवलिंग विराजमान है। शिवलिंग के सामने प्रवेश द्वार के पास नंदी की पत्थर की प्रतिमा विराजमान है। इस गुफा में एक कुंड है। इस कुंड में पानी भरा रहता है। यह पानी चट्टानों से रिस कर इस कुंड में आता है। यह जगह बहुत सुंदर है। यहां पर बहुत सारे बंदर मौजूद रहते हैं। श्रद्धालुओं व पर्यटकों का यह प्रिय स्थान है। गुप्त महादेव मंदिर में भी गुफा देखने के लिए मिलती है। यह गुफा बहुत ही सकरी है। इस गुफा में एक समय में 8 लोग ही अंदर जा सकते हैं। इस गुफा के अंदर शिवलिंग हैं। यह शिवलिंग बहुत ही सुंदर है। इस गुफा में लाइट और पंखे की व्यवस्था भी की गई है। ताकि लोगों को घुटन ना हो और उन्हें अच्छे से दर्शन हो सके। मंदिर के बाहर हनुमान जी की बड़ी प्रतिमा है। यह मंदिर बड़ा महादेव मंदिर से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित है।

चौरागढ़ महादेव मंदिर घने जंगल में स्थित है। यह मंदिर ऊंची पहाड़ी पर स्थित है। इस मंदिर में जाने के लिए ट्रैकिंग करनी पड़ती है। इस मंदिर में शंकर भगवान की बहुत ही सुंदर प्रतिमा है। यह प्रतिमा बहुत ही आकर्षक है। यहां पर हजारों की संख्या में त्रिशूल हैं। जो महाराष्ट्र तथा अन्य स्थानों से आने वाले भक्तों के द्वारा महाशिवरात्रि के अवसर पर अर्पित किए जाते हैं। मान्यता है कि मनोकामना पूरी होती है। वह भगवान शिव के स्थान पर त्रिशूल चढ़ाता है। इसके साथ ही नागद्वार भी प्रमुख स्थान है जहां पर नागपंचमी के अवसर पर विशाल मेला लगता है। वर्ष में एक बार ही इस क्षेत्र के द्वार खुलते हैं। इसके अलावा और भी अनेक शिवधाम पंचमढ़ी में हैं।

Author profile
WhatsApp Image 2023 01 04 at 8.25.11 PM
चंद्रकांत अग्रवाल

परिचय- वरिष्ठ कवि लेखक व पत्रकार। विगत 40 सालों से साहित्य व पत्रकारिता हेतु समर्पित लेखन। अखिल भारतीय कवि सम्मेलनों , व्याख्यान मालाओं,मोटीवेशन लेक्चर्स में देश भर में आमंत्रित व सम्मानित। पद्य व गद्य की हजारों रचनाएं , कई कालम,कई राष्ट्रीय स्तर की पत्रिकाओं अखबारों में प्रकाशित। कोविड काल में दो साल तक कई प्रमुख राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के फेस बुक साहित्य ग्रुप्स व पेज पर कोरोना से शारीरिक व मानसिक रूप से बचाव हेतु , सोशल डिस्टेंस बढ़ाकर , इमोशनल डिस्टेंस कम करने, कोविड से संक्रमित होने पर अपना आत्म बल बढ़ाये रखने व अकेलेपन का सदुपयोग सत्संग, अध्यात्म संग करके दूर करने, अपने परिवार, समाज, प्रदेश , देश व दुनिया भर के प्रति जहां जिस भूमिका में हैं हर सम्भव योगदान देने आदि के लिए जनजागरण हेतु भारतीय संस्कृति के आराध्यों के जीवन आदर्शों पर , सार्थक मानव जीवन हेतु व देश के उत्सवों के आध्यात्मिक मर्म पर केंद्रित कई सफल काव्य व व्याख्यान लाइव किये, जिनको विश्व भर में लाखों साहित्य प्रेमियों ने सुना व मुक्त कंठ से सराहा। कई प्रेरणाप्रद आलेख भी अपने कई अलग अलग कालम में विभिन्न राष्ट्रीय अखबारों में लिखे , 4 अखबारों का संपादन करते हुए कोरोना के समसामयिक व आध्यात्मिक, वैचारिक विषयों पर भी कई नए कॉलम का लेखन। जो विभिन्न अखबारों व पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए । कई प्रदेश स्तरीय जिला व नगर स्तरीय सामाजिक, साहित्यिक संस्थाओं में प्रमुख पदों पर। प्रोफेशन - स्वयं का शेयर मार्केट ब्रोकिंग टर्मिनल , बिजनेस एसोसिएट अरिहंत केपिटल मार्केट लिमिटेड। सम्प्रति,इटारसी,जिला,नर्मदापुरम, मध्यप्रदेश। संपर्क मो न 9425668826