कमल खिलाने और किसानों को रिझाने का काम चालू अहे …

कमल खिलाने और किसानों को रिझाने का काम चालू अहे …

पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों में प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल जहां कमल को खिलाने के लिए जी-जान से जुटे रहे, तो इसी बीच किसानों के चेहरे पर खुशी लाने यानि किसानों को रिझाने में भी कोई कसर बाकी नहीं रहने दी। पटेल के कंधों पर जहां नाथ के गढ़ में कमल खिलाने की बड़ी जिम्मेदारी थी, तो अपने गृह जिले हरदा में भी इस दायित्व निर्वहन की परीक्षा थी। पटेल के परीक्षा में पास होने की गवाही 8 अगस्त का दिन दिनभर देता रहा। नाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कमल खिला। यहां कमल पटेल प्रभारी मंत्री हैं। तो अपने गृह जिले और विधानसभा क्षेत्र हरदा में भी कमल खिलने से पटेल की उपलब्धियों में चार चांद लग गए।
भाजपा ने कमलनाथ के गढ़ में भाजपा का शानदार प्रदर्शन खबर को प्रमुखता से प्रचारित किया। चौरई एवं अमरवाड़ा नगर पालिका में खिला कमल। बिछुआ एवं चांद परिषद में भी भाजपा का कब्जा…। चौरई नगर पालिका परिषद में 18 साल बाद भाजपा ने किया कब्जा। थोड़ा विस्तार से लिखा गया कि छिंदवाड़ा जिले की चौरई विधानसभा के चौरई नगर पालिका और चांद एवं बिछुआ नगर परिषद में पूरी तरह भाजपा काबिज हो गई। नगर पालिका चौरई में अध्यक्ष पूर्णिमा शरद जैन (बीजेपी) की बनीं। तो नगर पालिका अमरवाड़ा में अध्यक्ष प्रीति नितिन तिवारी(बीजेपी) बन गईं। नगर परिषद चांद में अध्यक्ष ठाकुर दान सिंह(बीजेपी) बने। तो नगर परिषद बिछुआ के अध्यक्ष रामचंद्र बोबडे (बीजेपी) बने। नगर पंचायत लोधी खेड़ा में भाजपा समर्थित प्रत्याशी अर्चना वीरेंद्र जायसवाल अध्यक्ष निर्वाचित हो गईं। है ना उपलब्धियों का अंबार। और प्रभारी मंत्री होने के नाते कमल पटेल का लक्ष्य पाने के प्रति प्यार …। क्योंकि कमल पटेल ने जहां मौका मिला, वहां नाथ पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ा। हालांकि छिंदवाड़ा नगर निगम पर कांग्रेस का कब्जा रहा, उसे नाथ के खाते में जोड़ा जा सकता है। पर छिंदवाड़ा जिले में जितना कमल खिला, वह भाजपा और कमल दोनों के लिए बड़ी उपलब्धि तो है ही।
IMG 20220808 WA0530
इसी तरह हरदा जिले में हरदा जिला पंचायत एक बार फिर भाजपा के खाते में रही है। यहा से जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा के गजेंद्र शाह निर्वाचित हुए है। साथ ही भाजपा ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष का पद भी अपने खाते में कर लिया है। पटेल ने कहा कि केंद्र में मोदी, राज्य में शिवराज सिंह के साथ अब हरदा में तीसरे इंजन की सरकार है। जिले के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।विकास की गति अब तीव्र होगी। प्रधानमंत्री मोदी के संकल्पों के साथ अब मध्यप्रदेश का चहुंमुखी विकास होगा।
तो कृषि मंत्री के नाते भी कमल पटेल के लिए 8 अगस्त का दिन बहुत खास था। किसान नेता एवं कृषि मंत्री कमल पटेल ने पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द फसल की खरीदी अब 8 अगस्त से शुरू होकर 30 सितंबर तक होगी। 32 जिलों में मूंग और 10 जिलों में उड़द फसल की खरीदी किसानों से सरकार समर्थन मूल्य पर करेगी। यह किसानों के लिए बड़ा तोहफा माना जा रहा है। क्योंकि मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी का काम पटेल की कृषि मंत्री के नाते बड़ी उपलब्धियों में दर्ज है। किसान नेता एवं कृषि मंत्री कमल पटेल ने 8 अगस्त को कृषि उपज मंडी परिसर हरदा में स्थित शासकीय वेयरहाउस पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रीष्मकालीन फसल मूंग और उड़द के उपार्जन केन्द्र का शुभारंभ किया। उपस्थित किसानों ने कृषि मंत्री कमल पटेल का मूंग से तुला दान किया। तो जिला पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजेंद्र शाह तथा उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोद के साथ जिला पंचायत के सदस्यगणों का शपथग्रहण समारोह तथा प्रथम सम्मेलन जिला पंचायत के सभाकक्ष में किसान नेता एवं कृषि मंत्री कमल पटेल की उपस्थिति में 8 अगस्त को ही संपन्न हुआ। पटेल ने सरपंच, पंच, उपसरपंच एवं नगर पालिका हरदा , नगर परिषद टिमरनी, खिरकिया के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष और पार्षद को घर घर जाकर गांव गांव जाकर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा फहराने की शपथ दिलवाई।
तो कृषि मंत्री कमल पटेल ने जहां कमल खिलाने के लिए दिन-रात के अथक परिश्रम से कोई परहेज नहीं किया, तो अब उनका यह भाव सराहनीय है कि विकास, विकास और विकास। वहीं किसानों के हित में उनकी सोच लगातार परिणाममूलक साबित हो रही है। जब यह काम संपन्न हुए हैं, तो अब हरदा जिले में हर घर में तिरंगा अभियान का मंत्री कमल पटेल का काम पूरी गति से चालू अहे। साथ ही कमल खिलाने और किसानों को रिझाने का काम भी अब मिशन 2023 के लिए चालू अहे…।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।