उधर चंद्रयान, इधर घमासान…

1069
Bjp In Bengal

उधर चंद्रयान, इधर घमासान…

एक तरफ चांद पर कॉलोनियां बनाने की कवायद तेजी से चल रही है। चंद्रयान-3 की सफलता के लिए लोग दिलों से दुआएं दे रहे हैं। चंद्रयान-3 मिशन कामयाब रहा, तो भारत अंतरिक्ष मिशन में विजयपताका फहराकर रहेगा। तो दूसरी तरफ मध्यप्रदेश में अब चुनावी घमासान तेज होता जा रहा है। बहुत सारे नेता दलबदल की कवायद में लगे हैं, ताकि टिकट हासिल कर विधायक बनने की ख्वाहिश पूरी कर सकें। वर्तमान में जनप्रतिनिधि बने बिना कोई नेता जनसेवा करने में सफल नहीं हो पाता। पहले की बात और है कि जनसेवक को जनता ही प्रतिनिधि बनाने पर आमादा रहती थी। खैर यह तो समय-समय की बात है। फिलहाल मध्य प्रदेश के दो प्रमुख राजनैतिक दल भाजपा और कांग्रेस अब अपनी-अपनी चाल चलते जा रहे हैं ताकि अंतिम बाजी जीतकर विजेता का ताज अपने सिर पर सजा सकें।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चंद्रयान-3 की कामयाबी के लिये शुभकामनाएं दीं। चंद्रयान 3 मिशन का लैंडर मॉड्यूल चांद की सतह से महज 25 से 150 किलोमीटर की दूरी पर चक्कर लगा रहा है। इसरो के मुताबिक, चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर का चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल से संपर्क हो गया है। अब 23 अगस्त का इंतजार है, जब चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग के साथ ही भारत इतिहास रच देगा और ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा। अभी तक अमेरिका, रूस और चीन ने ही चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने में सफलता हासिल की है। इतना ही नहीं चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कराने वाला भारत पहला देश हो सकता है।

तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रसन्नता है कि 27 तारीख को भोपाल में, वह अपनी बहनों से फिर मिलने वाले हैं।वह बहनों से अपील कर रहे हैं कि आप सभी बहनें अपने अपने गाँव में 1 बजे मुझे सुनने जरूर इक्कठा होना। सब इक्कठी होंगी तो मैं कुछ और चर्चा करूंगा। यह तो हुई एक बात। दूसरी बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी, मध्य प्रदेश द्वारा “एमपी के मन में मोदी” सदस्यता अभियान 2023 की शुरुआत की गई है। इस अभियान से जुड़ने के लिए “7000 230 230” नंबर उपलब्ध है। पार्टी की अपील है कि बिना देर किए, “विश्व की सबसे बड़ी पार्टी” का सदस्य बनें। वहीं भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्यप्रदेश में आयोजित की जा रही जनआशीर्वाद यात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को ग्वालियर में बैठक संपन्न हुई। आशीर्वाद पाने के लिए शिवराज और उनकी पार्टी पूरे मध्यप्रदेश के जन-जन तक पहुंचेगी।

तो दूसरी तरफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  कमलनाथ 22 अगस्त 2023 को सागर में कांग्रेस की जनसभा को संबोधित करेंगे। यह नेताद्वय मध्यप्रदेश में सत्ता परिवर्तन का शंखनाद बुंदेलखंड के सागर से करेंगे। कांग्रेस को भरोसा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की परिवर्तन सभा वंचित वर्ग की आवाज बनेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खडगे अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मध्यप्रदेश आ रहे हैं। कांग्रेस के सभी दिग्गज सागर में मंच पर दिखने वाले हैं।

तो देश को मिशन चंद्रयान-3 की सफलता शीर्ष देशों में शुमार करेगी। यह ड्रीम प्रोजेक्ट सपनों की दुनिया में लेकर जाएगा। तो मध्यप्रदेश की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस हकीकत की दुनिया में अपना सिक्का जमाने के लिए हर दिन का संघर्ष कर रहे हैं। यह घमासान विधानसभा चुनाव तक कोसों मील की दूरी तय कर ही लेगा…।