जलजीवन मिशन में देश में अव्वल बुरहानपुर जिले को मिलेगा पुरस्कार

सिविल सर्विस डे पर आज प्रधानमंत्री करेंगे पुरस्कृत

382

जलजीवन मिशन में देश में अव्वल बुरहानपुर जिले को मिलेगा पुरस्कार

भोपाल: केन्द्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय सिविल सर्विस डे के मौके पर जलजीवन मिशन में देश में सबसे पहले जिले के सभी घरों तक पानी पहुंचाने वाला जिले बुरहानपुर को 21 अप्रैल को सम्मानित करेगा। बुरहानपुर में प्रवीण अढाइच के कलेक्टर रहते हुए उनकी पूरी टीम ने जलजीवन मिशन के तहत इस काम को अंजाम दिया था। अब कल इस काम के लिए दिल्ली में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

बुरहानपुर जिले में कुल दो लाख 54 हजार परिवार है। मार्च-अप्रैल 2022 में बुरहानपुर जिले के सभी परिवारों के घरों तक जलजीवन मिशन के तहत पेयजल उपलब्धता करा दी गई थी। मध्यप्रदेश में जलजीवन मिशन के तहत देरी से काम शुरु हुआ लेकिन किसी भी राज्य ने इसमें पहल नहीं की। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले ने इस काम को देश में सबसे पहले पूरा कर दिखाया। तत्कालीन कलेक्टर प्रवीण अढाइच और उनकी पूरी टीम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत से यह उपलब्धि मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले को प्राप्त हुई।

अब इस काम के लिए केन्द्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय ने बुरहानपुर जिले को सिविल सर्विस डे पर सम्मानित करने का निर्णय लिया है। 21 अप्रैल को दिल्ली में यह सम्मान दिया जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। बुरहानपुर के तत्कालीन कलेक्टर प्रवीढ़ अढाइच को इस सम्मान को प्राप्त करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने डीओपीटी को नाम भेजा है। यदि अनुमति मिली तो वे यह पुरस्कार लेंगे वर्ना वर्तमान कलेक्टर भाव्या मित्तल यह पुरस्कार लेंगी।