
Two New Vande Bharat to MP : भोपाल से पाटलीपुत्र और लखनऊ के लिए वंदे भारत अप्रैल से!
इनमें एक वंदेभारत स्लीपर होगी, जबकि दूसरी चेयर कार ट्रेन!
Bhopal : दो नई वंदे भारत की सौगात मध्यप्रदेश को मिलने वाली है। ये दोनों ट्रेनें अप्रैल से चलने की संभावना है। ये ट्रेनें भोपाल को बिहार और यूपी से जोड़ेंगी। इनमें एक वंदेभारत स्लीपर होगी, जबकि दूसरी चेयर कार ट्रेन होगी। रेलवे ने नई वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट भी निर्धारित कर दिया है। रेल अधिकारियों के अनुसार प्रदेश को लंबी दूरी की कुछ अन्य वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी मिलने की उम्मीद है। इससे मध्यप्रदेश के रेल यात्रियों का सफर आरामदायक बनेगा।
भोपाल से नई स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस पाटलीपुत्र के लिए चलेगी। दूसरी वंदे भारत भोपाल से लखनऊ के लिए चलेगी। ये दोनों ट्रेनें पूर्व घोषित हैं पर अभी तक इसके लिए रैक नहीं मिल सके है। भोपाल रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार अब मार्च-अप्रैल तक रैक मिलने की उम्मीद है।
भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीएमई आरपी खरे के अनुसार मार्च के आसपास वंदेभारत के दोनों रैक मिलने की संभावना है। वे बताते हैं कि इस ट्रेन का नया रैक करीब एक माह में बनता है। भोपाल रेल मंडल को वंदेभारत स्लीप का 5वां या 6वां रैक मिलेगा। भोपाल पाटलीपुत्र वंदेभारत स्लीपर ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे की होगी। इसकी पहली रैक जल्द मिलेगी। स्लीपर वंदे भारत ट्रेन भोपाल से पाटलीपुत्र तक चलाई जाएगी। यह रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होगी।
भोपाल से पटना की करीब 850 किमी की दूरी वंदेभारत एक्सप्रेस महज 15 घंटों में तय कर लेगी। अभी इसमें कम से कम 18 घंटे लगते हैं। स्लीपर ट्रेन होने से यात्री सोते हुए यह सफर पूरा कर सकेंगे। वंदे भारत स्लीपर के रैक अलाटमेंट के बाद भोपाल लखनऊ वंदेभारत का रैक मिलेगा जो कि चेयरकार होगी।