
मंत्र-तंत्र के नाम पर ठगी,लाखों के जेवर लेकर फरार हुए 2 युवक
छतरपुर: जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत देवपुर में मंत्र-तंत्र और दवाई का झांसा देकर ठगी एवं चोरी का मामला सामने आया है।
दो अज्ञात युवक गांव के एक घर में पहुंचे और खुद को जानकार बताकर परिवार का विश्वास जीत लिया। मौका मिलते ही वे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार देवपुर निवासी भगवान सिंह लोधी के घर दो युवक पहुंचे थे। उन्होंने दवाई और मंत्र-तंत्र से संबंधित बातें कर परिजनों को अपने झांसे में लिया। बातचीत के दौरान घर में प्रवेश कर आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित के मुताबिक चोरी हुए सामान में एक सोने की माला, लगभग आधा तोला चांदी का एक आभूषण तथा करीब 500 ग्राम चांदी के अन्य जेवर शामिल हैं। वारदात के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से भाग निकले।
घटना की जानकारी लगने पर परिजनों ने आसपास आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने चोरी गए जेवरात की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





