केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक ने सागर से टीकमगढ़ तक तय किया 125 KM का बस सफर: आम यात्रियों के बीच बैठकर दिया सादगी और ईंधन बचत का संदेश..

35

केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक ने सागर से टीकमगढ़ तक तय किया 125 KM का बस सफर: आम यात्रियों के बीच बैठकर दिया सादगी और ईंधन बचत का संदेश..

छतरपुर। टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने रविवार को सादगी और जनसरोकार की अनूठी मिसाल पेश की। केंद्रीय मंत्री ने सरकारी काफिले और विशेष वाहनों के बजाय यात्री बस में बैठकर सागर से टीकमगढ़ तक करीब सवा सौ किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान वे आम यात्रियों के बीच सामान्य सीट पर बैठे नजर आए और पूरे रास्ते लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

बस यात्रा के दौरान मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी लगातार ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर देशवासियों से अपील कर रहे हैं। बढ़ती महंगाई और सीमित संसाधनों को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि और अधिकारी स्वयं आगे बढ़कर इस दिशा में पहल करेंगे, तभी समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।

मंत्री ने कहा कि इसी सोच के साथ उन्होंने अतिरिक्त सरकारी वाहनों और बड़े काफिले के बजाय यात्री बस में सफर करने का निर्णय लिया, ताकि लोगों को ईंधन बचत और सादगी का संदेश दिया जा सके। बस में मौजूद यात्रियों ने केंद्रीय मंत्री को अपने बीच पाकर खुशी जताई। कई यात्रियों ने कहा कि पहली बार किसी बड़े जनप्रतिनिधि को इतनी सहजता और सादगी के साथ आम लोगों के बीच सफर करते देखा है।

यात्रा के दौरान मंत्री ने यात्रियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित मुद्दों के समाधान का भरोसा दिलाया। सफर के दौरान घुवारा नगर की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई। इस पर मंत्री ने तत्काल छतरपुर कलेक्टर और सीएमएचओ से दूरभाष पर बात कर शव परीक्षण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की यह बस यात्रा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। लोगों ने इसे जनसरोकार, सादगी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा सकारात्मक कदम बताया।