
Vikas Nagar, Lucknow: ‘आज बारात थी, लेकिन सब राख हो गया…लखनऊ में फटे 50 सिलेंडर, 280 झुग्गियां जलकर राख; 1,000 लोग बेघर
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में बीते बुधवार शाम भीषण आग लग गई, जिससे करीब 200 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और पूरी तरह बुझाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक आकलन में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। इस हादसे में सबसे ज्यादा दर्दनाक कहानी उस परिवार की है, जहां आज बेटे की बारात जानी थी, लेकिन आग ने खुशियों को मातम में बदल दिया. हादसे के वक्त विकास नगर की इन झुग्गियों में एक घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. दूल्हे की मां साड़ी पहनकर तैयार हो रही थीं और बेटे को बारात के लिए दूल्हा बनाने की तैयारी थी. तभी अचानक आग की लपटें उठीं. दूल्हे ने चिल्लाते हुए अपनी मां से कहा, ‘मम्मी भागो, वरना मारे जाएंगे.’ मां ने रोते हुए बताया कि घर में रखा 5-7 लाख का जेवर, नकदी और कपड़े सब जलकर खाक हो गए. जिस घर से आज बारात निकलनी थी, वहां अब सिर्फ राख और सन्नाटा बचा है.

कई किलोमीटर दूर से देखा गया धुएं का घना गुबार
अधिकारियों के अनुसार, आग दोपहर बाद रिंग रोड के पास एक खाली भूखंड में लगी और तेज हवाओं तथा झग्गियों में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से फैल गई। धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग की तीव्रता के कारण कई छोटे रसोई गैस सिलेंडरों में विस्फोट हुए, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जिस इलाके में आग लगी, उसके आसपास होटल और कई ऑटोमोबाइल शोरूम भी स्थित हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के साथ-साथ सामान सुरक्षित करने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, लेकिन अधिकांश सामान आग की भेंट चढ़ गया।
CM योगी ने दिए राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं और आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त अमरेंद्र के. सिंह ने एक न्यूज एजेंसी से कहा कि हमने आग को फैलने से रोक लिया है। इसे जल्द ही पूरी तरह बुझा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 200 झुग्गियां प्रभावित हुई हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

जानिए, मौके पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने क्या कहा?
मौके पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हमारी प्राथमिकता घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाना और उन्हें समुचित इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है और एंबुलेंस तैनात कर दी गई हैं। जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि आग के कारण कई परिवारों के सदस्य बिछड़ गए हैं और प्रशासन उन्हें मिलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन घटना के कारण लापता लोगों की पहचान की जा रही है।
यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि वे पिछले 20-22 सालों से यहां रह रहे थे, लेकिन ऐसा मंजर कभी नहीं देखा. लोगों का सब कुछ लुट गया है, किसी के पास खाने को ना दाना बचा है और न पहनने को कपड़े. आग बुझने के बाद अब लोग राख के ढेर में अपना सामान तलाशने को मजबूर हैं. अग्निकांड में कई मवेशियों के भी झुलसने की खबर है, जिन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है. प्रशासन फिलहाल सर्च ऑपरेशन चला रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. हालांकि, अभी तक किसी की जान जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.





