
Viral Video;मनमाड रेलवे स्टेशन पर हाई वोल्टेज ड्रामा, ओवरहेड तार पर चढ़ा मानसिक रूप से अस्थिर शख्स
महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने कुछ समय के लिए पूरे रेलवे स्टेशन का माहौल तनावपूर्ण बना दिया. ये मामला मनमाड रेलवे स्टेशन का है, जहां एक युवक ने ओवरहेड बिजली के खंभे पर चढ़कर अफरा-तफरी मचा दी. उसकी इस हरकत ने न सिर्फ यात्रियों को डरा दिया, बल्कि रेलवे प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना 17 अप्रैल की दोपहर की बताई जा रही है. उस समय स्टेशन पर रोज की तरह यात्रियों की भीड़ मौजूद थी. अचानक सूचना मिली कि एक युवक प्लेटफॉर्म के ऊपर बने ढांचे से होते हुए हाईवोल्टेज ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) खंभे पर चढ़ गया है. जैसे ही लोगों की नजर उस पर पड़ी, वहां मौजूद यात्रियों में डर और घबराहट फैल गई. हर कोई आशंका में था कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए.
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की. सबसे पहले सुरक्षा के लिहाज से ओवरहेड लाइन की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, ताकि युवक को करंट लगने का खतरा न रहे. लेकिन यह काम आसान नहीं था, क्योंकि युवक खंभे पर इधर-उधर घूम रहा था और नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं था. उसकी हरकतों से यह साफ था कि वह मानसिक रूप से अस्थिर है.
कई ट्रेनों को रोका गया, तो कुछ के प्लेटफॉर्म बदल दिए गए ताकि यात्रियों की आवाजाही बनी रहे और कोई दुर्घटना न हो. करीब 150 ट्रेनों के रूट पर इसका प्रभाव पड़ा, जिससे रेलवे को अतिरिक्त प्रबंधन करना पड़ा. लोगों के मुताबिक के अनुसार, युवक पहले प्लेटफॉर्म की छत पर दौड़ता हुआ नजर आया. इसके बाद वह अचानक ओवरहेड खंभे पर चढ़ गया. यह दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए. कई बार ऐसा लगा कि वह नीचे गिर जाएगा, लेकिन हर बार वह किसी तरह खुद को संभाल लेता. उसकी इस खतरनाक स्थिति ने वहां मौजूद हर व्यक्ति की सांसें रोक दी थीं.
युवक को सुरक्षित नीचे लाने के लिए रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ और अन्य स्टाफ को काफी मशक्कत करनी पड़ी. सिर्फ नीचे से समझाने से बात नहीं बनी, इसलिए कुछ प्रशिक्षित कर्मचारी खुद खंभे पर चढ़े और धीरे-धीरे उसे काबू में करने की कोशिश की. यह पूरी प्रक्रिया काफी जोखिम भरी थी और कई घंटों तक चली. लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही. इस दौरान पूरी सावधानी बरती गई ताकि युवक को किसी तरह की चोट न पहुंचे. नीचे लाने के बाद उसे तुरंत रेलवे पुलिस की हिरासत में लिया गया.





