शाही‌ रणनीति के मुरीद विष्णु-मोहन …

शाही‌ रणनीति के मुरीद विष्णु-मोहन …

वैसे तो देश की राजनीति में यह दौर ही नरेंद्र मोदी और अमित शाह का चल रहा है, पर भाजपा में तो फिलहाल मोदी-शाह से इतर कुछ भी नहीं है। संगठन के मामले में शाह का कोई तोड़ नहीं है। हाथ कंगन को आरसी क्या…कहावत को चरितार्थ करते हुए अमित शाह ने हाल ही में मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में शाही रणनीति का लोहा सबको मनवा दिया है। भाजपा में भी जो चुनाव से पहले शाह के अंदाज‌ को नहीं समझ पा रहे थे, वह सभी चुनाव परिणाम आने और मुख्यमंत्री पद पर नए-नए चेहरों को मौका मिलने पर शाही अंदाज का लोहा मान चुके हैं। मध्यप्रदेश में चाहे मोहन यादव हों या राजस्थान में भजनलाल शर्मा और छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय, इन तीनों चेहरों ने तीनों राज्यों के भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने यह साबित किया है कि हर कार्यकर्ता कभी भी कर्ताधर्ता की जिम्मेदारी पा सकता है। मोदी-शाह की नजर सब पर है। इसीलिए अमित शाह को भाजपा आधुनिक राजनीति का चाणक्य मानती है। और मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा तो शाही रणनीति के मुरीद हैं। उन्होंने ग्वालियर, खजुराहो और भोपाल आ रहे अमित शाह को 2023 में दिलाई प्रचंड जीत का नायक करार दिया है तो भरोसा जताया है कि शाह अब लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत का मंत्र देंगे। इसीलिए मध्यप्रदेश में अमित शाह के स्वागत के लिए विष्णु के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हैं।
विष्णु दत्त शर्मा का दावा है कि विधानसभा चुनाव 2023 में पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है और भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के हम सभी कार्यकर्ताओं का सौभाग्य है कि इस प्रचंड जीत के शिल्पी और रणनीतिकार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हैं।विधानसभा चुनाव के बाद अमित शाह अब लोकसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश में अपने दौरे की शुरुआत उसी तरह कर रहे हैं, जैसा उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए किया था। तब निराशा और असमंजस में डूबे भाजपा कार्यकर्ताओं में वह उत्साह अमित शाह ने भरा था कि फिर भाजपा कार्यकर्ताओं ने इतिहास बनाकर ही चैन की सांस ली। और इस बार भी कार्यकर्ता आधुनिक राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह से लोकसभा चुनाव के लिए जीत का मंत्र लेने को तैयार हैं। शाह के इस दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हैं।
शाही अंदाज के कायल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा खुलकर स्वीकार करते हैं कि हम सभी ने देखा है कि विधानसभा चुनाव में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किस प्रकार कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया था, जिसके बाद सभी कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ हर बूथ पर सक्रिय हो गए थे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन का ही परिणाम था कि विधानसभा चुनाव में पार्टी को अभी तक का सर्वाधिक वोट शेयर हासिल हुआ। लोकसभा चुनाव में भी प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं को उसी प्रकार अमित शाह का मार्गदर्शन मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि यह चुनाव हर बूथ पर लड़ा जाएगा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से प्रेरणा प्राप्त कर पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर पूरी तैयारी के साथ काम में जुट जाएंगे। ठीक वैसे ही जैसे विधानसभा चुनाव से पहले सोए हुए से भाजपा कार्यकर्ताओं को शाह ने उठाकर मैदान में सक्रिय कर दिया था।
शर्मा मोदी-शाह की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहते हैं कि जिस प्रकार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुगलों और अंग्रेजों की गुलामी के प्रतीकों को समाप्त करने का संकल्प लिया है और वे एक-एक कर इन प्रतीकों से देश को मुक्ति दिला रहे हैं। उसी प्रकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ऐसे सैकड़ों कानूनों को बदल दिया है, जो अंग्रेजों की गुलामी के प्रतीक थे। उन्होंने अंग्रेजों के जमाने की आईपीसी को हटा दिया है और उसके स्थान पर नई न्याय संहिता चलन में लायी जा रही है।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 फरवरी को पहले ग्वालियर पहुंचेंगे। यहां पर शाह क्लस्टर की चारों लोकसभा की प्रबंध समितियों की बैठक लेंगे और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। इसके उपरांत शाह सागर क्लस्टर के खजुराहो पहुंचेंगे और खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सभी 2293 बूथों की बूथ समितियों के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री शाह बूथ के कार्यकर्ताओं को पार्टी की ताकत कहते हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त का मानना है कि ये खजुराहो तथा बुंदेलखंड के सभी कार्यकर्ताओं के लिए सौभाग्य की बात है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह उनका मार्गदर्शन करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जो परिश्रम किया है, उससे बुंदेलखंड क्षेत्र से कांग्रेस पहले ही मैदान छोड़कर भाग चुकी है और सपा का कोई अस्तित्व नहीं रह गया है। ऐसे में अमित शाह का प्रेरक मार्गदर्शन पाकर पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ जीतने और हर बूथ पर 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने के लक्ष्य को हासिल करने में सफल होंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी किस प्रकार आगे बढ़ रही है। साथ ही आजादी के अमृतकाल में 2047 तक भारत को विकसित बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प के संबंध में शाह प्रबुद्धजनों से चर्चा करेंगे और उनके सुझाव लेंगे।
तो विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 8.5 फीसदी मतों की निर्णायक बढ़ोतरी लेकर कांग्रेस को कोसों मील पीछे छोड़ दिया है।‌तो अब लोकसभा चुनाव में हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का लक्ष्य हासिल कर दस फीसदी वोट बढ़ाने की इच्छा भाजपा कार्यकर्ताओं को सोने की मोहलत भी बड़ी मुश्किल से दे रही है। शाह का मंत्र कार्यकर्ताओं को राह दिखा देता है। लोकसभा में भाजपा का लक्ष्य मध्यप्रदेश को कांग्रेस मुक्त करने का ही है। ऐसे में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का यह दायित्व बनता है कि आधुनिक राजनीति के चाणक्य अमित शाह की असल ताकत की पहचान का बखान कर प्रदेश कार्यकर्ताओं को जीत की राह पर आगे बढ़ा दें और शाही रणनीति के मुरीद विष्णु अपने इसी दायित्व का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से कर रहे हैं। शाही कार्यशैली के मुरीद तो वैसे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी हैं। और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की जोड़ी की पहली परीक्षा भी तो लोकसभा चुनाव में ही है…।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।