Warrant Against Dhar Collector : धार कलेक्टर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट!

DGP को तामिल कराने के आदेश, जानिए क्या है पूरा मामला

2604

Warrant Against Dhar Collector : धार कलेक्टर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट!

Bhopal: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने धार के कलेक्टर डॉ पंकज जैन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धार जिले में एक निजी स्टोन क्रशर से मानवीय आबादी और पर्यावरण पर दुष्प्रभाव के मामले को लेकर यह वारंट जारी किया गया है। वारंट को 26 अक्टूबर तक तामील कराने के लिए मध्य प्रदेश के DGP सुधीर सक्सेना को निर्देश दिए गए हैं।

इसी मामले में कलेक्टर को समन जारी कर उन्हें 14 अक्टूबर को आयोग के सामने पेश होने का आदेश दिया गया था लेकिन वे इस तारीख को हाजिर नहीं हुए।

गौरतलब है कि धार के जूनापानी के निवासियों ने NCST से संपर्क किया था। आरोप लगाया था कि गांव के पास हरियाणा की एक कंपनी द्वारा संचालित किए जा रहे एक स्टोन क्रशर से उनके स्वास्थ्य, फसलों और घरेलू पशुओं को नुकसान हो रहा है। यह हवा को भी प्रदूषित कर रहा है।

उनका आरोप था कि जिला प्रशासन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं कर रहा है। NCST ने ग्रामीणों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए धार जिला प्रशासन को लोगों और पर्यावरण को हुए नुकसान का मूल्यांकन करने और उसके अनुसार प्रभावित व्यक्तियों को उचित मुआवजा देने का निर्देश दिया था।