Weather Update: राजस्थान, यूपी सहित 5 राज्यों में घना कोहरा, लेह में माइनस 20 डिग्री तक जाएगा तापमान, तमिलनाडु, केरल में आज से बारिश

174

Weather Update: राजस्थान, यूपी सहित 5 राज्यों में घना कोहरा, लेह में माइनस 20 डिग्री तक जाएगा तापमान, तमिलनाडु, केरल में आज से बारिश

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट 

घना कोहरा राजस्थान से कहीं ज्यादा उत्तर प्रदेश में पड़ रहा है। पाकिस्तान से चले कोहरे के बादल बीती रात से ही राजस्थान के उत्तर – पश्चिम भाग में और पंजाब के पश्चिमी भाग में फैला हुआ है। साथ ही उत्तर प्रदेश के आधे हिस्से में घने कोहरे की मार पड़ रही है। यह कोहरा दोपहर तक कम हो सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ का दूसरा झटका आज से कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हिमाचल प्रदेश को घेरने वाला है। आंशिक असर राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, यूपी तक हो सकता है। लेह में 20, 21, 22 को जमकर बर्फबारी की संभावना है।

मध्य प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। खासकर उत्तर से पूर्व की और ठंड गहरा असर दिखा रही है। एक सप्ताह तक ठंड का अभी भी जोर दिखाई दे सकता है। कुछ ही दिनों में यहां बादल डेरा डाल सकते हैं। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर में आज दिन का तापमान भी 25/ 26 डिग्री के आसपास चल सकता है। न्यूनतम तापमान जबलपुर में 6/7 डिग्री,ग्वालियर में 7/8 डिग्री,भोपाल में 8/9 डिग्री और इंदौर में 9 डिग्री तक जा सकता है।

भारत के दक्षिणी राज्यों में पूर्वी हवाओं को पश्चिम जाने का रास्ता मिल गया है इसलिए तमिलनाडु और केरल में बादलों के प्रवेश के साथ ही आज से बारिश का सिलसिला शुरू होगा। तमिलनाडु में तेज बारिश हो सकती है। यह सिलसिला तीन से चार दिन तक चल सकता है।