
Weather Update: MP में इस सप्ताह तेज गर्मी, कश्मीर, लद्दाख में बारिश-बर्फबारी, दक्षिण राज्यों में आंधी-बारिश
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में अगले 5 दिन गर्मी से भारी होंगे। इंदौर, भोपाल में अधिकतम तापमान गुरुवार शुक्रवार तक 40 से 42 डिग्री तक जाएगा, जबकि ग्वालियर 45 और जबलपुर 44 डिग्री तक जाएगा। मौसम में आए अचानक परिवर्तन से आज गुजरात के रास्ते बादल धार, झाबुआ, पीथमपुर, महू, इंदौर होते हुए खंडवा, अंजड, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर होते हुए महाराष्ट्र, तेलंगाना पहुंच रहे है। तेज हवाओं के कारण उक्त राज्यों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना रहेगी।
दक्षिण महासागर में तेज हवाओं ने बादलों को बिखरा दिया है। केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में सामान्य से तेज बारिश होगी। कर्नाटक, आंध्रा में बादल छाएंगे। बादलों का बहाव दक्षिण महासागर से भारत में दक्षिण राज्यों से उत्तर -पूर्वी राज्यों उड़ीसा, छग, झारखंड, बंगाल, असम, अरुणाचल, बिहार तक चलेगा।
उत्तर भारत में आज से फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। कश्मीर में बारिश और लद्दाख में बर्फबारी हो सकती है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में मौसम साफ रहेगा, कल से इन राज्यों में तापमान बढ़ेगा।





