Won the heart : भारत ने जीता मैच, इस पाकिस्तानी बच्ची ने दिल

1515

Mount Maunganui : रविवार को भारत ने महिला ICC वर्ल्ड कप क्रिकेट में पाकिस्तान की टीम को हरा दिया। मैच तो टीम इंडिया ने 107 रन से जीत लिया, पर एक पाकिस्तान लड़की ने उनका दिल जीत लिया। दरअसल, पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ मैच में अपनी बेटी के साथ वहां पहुंची थीं। भारतीय महिला टीम की सदस्य उनकी नन्ही सी बेटी के साथ खेलती हुई नजर आई।                                                IMG 20220307 WA0039

ICC ने ये तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की। इसमें भारतीय खिलाड़ियों को मारूफ और उनकी बेटी के साथ एक तस्वीर के लिए पोज देते देखा गया। पाकिस्तानी टीम को हराने के बाद सबसे पहले एकता बिष्ट पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम में गईं। एकता ने मारूफ की सात महीने की बेटी को दुलार किया और उसके साथ खेलने लगीं। फिर धीरे-धीरे कई भारतीय महिला खिलाड़ी वहां पहुंच गईं।

मारूफ की बेटी फातिमा के साथ भारत की स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर, झूलन गोस्वामी, स्मृति मंधाना और विकेटकीपर ऋचा घोष भी दुलार करते हुए नजर आईं। सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसे काफी पसंद किया गया।

पिछले साल पुरुष वर्ल्ड कप के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पाकिस्तानी ओपनर मोहम्मद रिजवान को गले से लगा लिया था। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी लंबे समय तक आपस में बात करते हुए देखे गए थे। तब भारतीय खिलाड़ियों की मैच हारने के बावजूद इस भावना के लिए तारीफ हुई थी।

भारत ने मैच जीता

महिला वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने 50 ओवर में 7 विकेट पर 244 रन बनाए। टीम के लिए पूजा वस्त्राकर ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए। स्नेह राणा ने नाबाद 53 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने 52 और दीप्ति शर्मा ने 40 रनों का योगदान दिया। इन चारों के अलावा कोई भी खिलाड़ी दहाई के आंकड़े को नहीं छू सकीं।

245 रन के लक्ष्य के सामने पाकिस्तान की पूरी टीम 43 ओवर में 137 रनों पर ढेर हो गई। भारत के लिए राजेश्वरी गायकवाड़ ने चार विकेट लिए। झूलन गोस्वामी और स्नेह राणा को दो-दो सफलता मिली।