WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

जनता का भरोसा जीतने सड़कों पर उतरे DGP सहित 100 IPS अफसर

देर रात तक प्रदेश के जिलों में चलती रहा पैदल मार्च, आमजन से जाना सुरक्षा का हाल

जनता का भरोसा जीतने सड़कों पर उतरे DGP सहित 100 IPS अफसर

भोपाल: मध्य प्रदेश में जनता का भरोसा जीतने के लिए DGP सुधीर कुमार सक्सेना का अनूठा प्रयास कारगर साबित हो रहा है। उनके इस पद पर पदस्थ होने के बाद प्रदेश में यह दूसरा मौका है जब रेंज एडीजी-आईजी, डीआईजी, एसपी जैसे पुलिस के आला अफसरों को सड़कों पर उतर कर न सिर्फ पैदल मार्च करना पड़ा, बल्कि आम लोगों से बातचीत कर सुरक्षा की हकीकत भी इन अफसरों को जानने का मौका मिला। प्रदेश भर में करीब सौ आईपीएस अफसर शनिवार को सड़कों पर मोर्चा संभाले हुए थे। जनता से मिले फीडबैक के बाद पुलिस अपनी व्यवस्थाएं और बेहतर करने का प्रयास करेगी।

DGP सुधीर कुमार सक्सेना ने न सिर्फ सभी को निर्देश दिए बल्कि स्वंय भी सड़क पर पैदल मार्च कर यह संदेश दिया कि DGP से लेकर आरक्षक तक प्रदेश की जनता की सुरक्षा के लिए है।

DGP सुधीर कुमार सक्सेना ने सड़कों पर उतर कर आम जनता से पूछा कि क्या उन्हें कोई माफिया, गुंडा या बदमाश परेशान तो नहीं कर रहा। उनके आसपास कानून व्यवस्था कैसी है। दरअसल प्रदेश में एक बार फिर रेंज एडीजी, आईजी, पुलिस कमिश्नर, डीआईजी और एसपी से लेकर सभी अफसर शनिवार को पैदल मार्च करते हुए गश्त पर निकले।

DGP सुधीर कुमार सक्सेना के निर्देश पर सभी जिलों में यह गश्त शाम को शुरू हुई जो देर रात तक चलती रही। इसमें प्रदेश भर के करीब 20 हजार पुलिस अफसर और जवान शामिल रहे। DGP के निर्देश पर सड़क पर उतरे अफसरों ने कानून व्यवस्था का जायजा लिया। डीजीपी करीब दस किलो मीटर तक पैदल चले। वहीं अन्य जिलों में भी रेंज एडीजी-आईजी, डीआईजी अपने-अपने मुख्यालय के जिले के पुलिस अधीक्षकों के साथ पूरे शहर में पैदल मार्च करते रहे। थाना क्षेत्रों में भी प्रभारी और उनके जवानों ने पैदल मार्च किया।