अनाज की बोरियों के पीछे छिपाकर रखा था 147 किलो गांजा, एक गिरफ्तार

40

अनाज की बोरियों के पीछे छिपाकर रखा था 147 किलो गांजा, एक गिरफ्तार

बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक घर पर छापा मारकर करीब 32 लाख रुपए का 147 किलोग्राम गांजा जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
सेंधवा के एसडीओपी अजय वाघमारे ने पत्रकारों को बताया कि सूचना मिली थी कि वरला थाना क्षेत्र के ग्राम पांजरिया के ब्राह्मणे फल्या स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है।

उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर थाना प्रभारी नारायण रावल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान अनाज की बोरियों के पीछे छिपाकर रखी गई 29 प्लास्टिक की थैलियां बरामद हुईं। जांच में इनमें कुल 147 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 32 लाख 34 हजार रुपये आंकी गई है।

वाघमारे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मकान शांतिलाल बारेला का होना सामने आया, लेकिन छापेमारी के समय वह फरार मिला। मौके पर मौजूद उसके भतीजे बदिया उर्फ कमीस बारेला (21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने गांजा अपना होना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ वरला थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि गांजे के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की तलाश जारी है.