
Weather Update: समुद्र के रास्ते आगे बढ़ रहा है मानसून, MP में तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
पश्चिमी हवाओं के दबाव से मानसून की चाल विलंब से चल रही है। दक्षिण महासागर में केरल के समुद्री किनारे से मानसून ने आगे बढ़ना शुरू किया है जो अभी तक कर्नाटक तक स्थिर है क्योंकि ऊपर से पश्चिमी हवाओं का दबाव है। बहरहाल रेंगते हुए आगे बढ़ रहा मानसून महाराष्ट्र के दक्षिणी भाग तक आ पहुंचा है। मुंबई में मानसून पूर्व की बारिश कल से हो सकती है।
इधर बंगाल की खाड़ी में मानसून की खेप आज पूर्व से मध्य पहुंचेगी जहां से पश्चिम में दो दिन के भीतर तमिलनाडु और आंध्रा के तट पर दस्तक देगी। कल तेज हवाओं से दोनों राज्य प्रभावित होंगे। अंडमान में आज भी भारी बारिश होगी।
मध्य प्रदेश में आज केवल पूर्वी हिस्से में बादल होंगे जो तेज गति से पूर्व में बिहार आदि राज्यों की ओर भागेंगे। पश्चिमी भाग इंदौर, भोपाल में आज बारिश की संभावना नहीं है, दोपहर बाद बादल छाएंगे। अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। प्रदेश में 13 जून के बाद ही मानसून की संभावना है।





