Varun Gandhi : वरुण गांधी के लिए क्या कांग्रेस ने दरवाजे खोल दिए!

राहुल और प्रियंका की बातचीत से लगता है, उन्हें कोई आपत्ति नहीं!

946

Varun Gandhi : वरुण गांधी के लिए क्या कांग्रेस ने दरवाजे खोल दिए!

New Delhi : राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जैसे-जैसे अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस की 2024 के लोकसभा चुनाव की संभावनाएं भी बदलती नजर आ रही है। इसके साथ ही एक नई बहस भी शुरू हो गई है। वो बहस है मेनका गांधी के बेटे वरुण गाँधी के राजनीतिक भविष्य को लेकर, जो अब कांग्रेस की तरफ मुड़ता दिखाई दे रहा है। अभी वरुण बीजेपी से सांसद हैं। लेकिन, उनके बगावती तेवर बता रहे हैं कि उन्होंने बीजेपी से बाहर जाने का मन बना लिया। लग रहा है कि वरुण गांधी अब राहुल और प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस का हाथ थामेंगे।

वरुण गांधी के तेवर किसान आंदोलन के समय से ही बदले हुए हैं। उन्होंने किसानों के समर्थन में बीजेपी की रीति-नीति से अलग हटकर बयानबाजी की और कई ट्वीट भी किए थे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के उत्तर प्रदेश में प्रवेश के साथ ही अटकलों का दौर भी शुरू हो गया था। पहले अखिलेश यादव और तमाम विपक्षी पार्टियों के यात्रा में शामिल होने की बात कही गई। फिर पीलीभीत से बीजेपी सांसद और राहुल गांधी के चचेरे भाई वरुण के पार्टी बदलने की चर्चा चली।

अपनी ही पार्टी के खिलाफ बागी तेवर दिखाने वाले वरुण गांधी के कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर राहुल गांधी के जवाब से शुरू हुई चर्चा अब बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी तक पहुंच गई। प्रियंका गांधी के इस पूरे प्रसंग में एंट्री होने की वजह से सिसायी हलचल तेज हो गई। कहा जा रहा है कि वरुण और प्रियंका के बीच हमेशा से बातचीत होती रही है। लेकिन, अब दोनों के बीच हो रही बातचीत ने सियासी मोड़ ले लिया है और प्रियंका से उनकी पार्टी बदलने को लेकर बात हुई।

यह लगभग तय माना जा रहा है कि 2024 के आम चुनावों से पहले वरुण गांधी पाला बदल सकते हैं। वे खुद के लिए एक सुरक्षित राजनीतिक भविष्य तलाश सकते हैं और कांग्रेस से अच्छी उनके लिए नहीं हो सकती। बताते हैं कि वरुण गांधी को कांग्रेस में लाने की जिम्मेदारी पार्टी की महासचिव और चचेरी बहन प्रियंका गांधी को दी गई है।

वरुण गांधी लंबे समय से बीजेपी के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया देते रहे हैं। हाल ही में एक वीडियो में वो ये कहते दिखे थे कि उन्हें पंडित नेहरू या कांग्रेस से कोई दिक्कत नहीं है। वे देश में ऐसी राजनीति चाहते हैं, जो लोगों को जोड़ने की हो न कि उनके बीच मतभेद फैलाने की। उनके इस बयान के बाद राहुल गांधी से वरुण गांधी के कांग्रेस में शामिल होने और उनकी यात्रा में शामिल होने को लेकर सवाल किया था।

इस पर राहुल ने कहा था कि उनकी यात्रा में सभी का स्वागत है। लेकिन, वरुण गांधी को यात्रा में शामिल होने पर दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।  क्योंकि, वो बीजेपी से हैं। पार्टी में शामिल होने की बात पर राहुल ने कहा था कि इसके लिए उन्हें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से पूछना चाहिए। तमाम बयानों के बीच ऐसा माहौल बनने लगा है जिससे ये समझा जा सके कि बीजेपी सांसद वरुण गांधी कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।