
दिग्विजय सिंह -हरीश चौधरी विवाद: नाराज हुए दिग्विजय समर्थक, सोशल मीडिया पर चौधरी पर साध रहे जमकर में निशाना
भोपाल: राज्यसभा चुनाव के बीच कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान तेज हो गई हैं। पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद 9 जून को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी के बीच हुई कथित बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद दिग्विजय सिंह के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर हरीश चौधरी को निशाने पर लेना शुरू कर दिया है।
दरअसल, मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा की थी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मीनाक्षी नटराजन के साथ ही कई विधायक मौजूद थे। इसी दौरान दिग्विजय सिंह और हरीश चौधरी के बीच किसी मुद्दे पर तीखी बातचीत होती दिखाई दी। वीडियो में दोनों नेताओं के हावभाव और बातचीत का अंदाज स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। हालांकि वीडियो में आवाज स्पष्ट नहीं होने के कारण यह पता नहीं चल सका कि दोनों के बीच क्या चर्चा हुई थी। इस बहस के बाद दिग्विजय सिंह को भी अपनी बात रखने को पटवारी ने कहा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था।
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी की अटकलों को बल मिला। दिग्विजय सिंह के समर्थक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हो गए और उन्होंने सीधे नाम लिए बिना हरीश चौधरी की कांग्रेस के प्रति निष्ठा और उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई पोस्ट में संकेतों के जरिए चौधरी पर पार्टी हितों की अनदेखी करने के आरोप लगाए गए।
*दिग्विजय सिंह पर किसने क्या लिखा*
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता योगेंद्र सिंह ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिग्विजय सिंह का अपमान हम सब व्यक्तिगत अपमान है, फिर चाहे वो कोई नेता हो, यह महत्व नहीं रखता है। सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले अपने सम्मान की अपेक्षा न करें। वहीं मीडिया विभाग के पूर्व उपाध्यक्ष अवनीश सिंह बुंदेला ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिग्विजय सिंह पर झूठे आरोप लगाए गए, अपमान करने का कुचक्र रचा गया।





