Congress Ticket Distribution Begins : सज्जन ने हाटपिपलीया का टिकट बांटा, फिर दीपक जोशी का क्या होगा!

कांग्रेस नेता की घोषणा से कांग्रेस के दूसरे उम्मीदवारों में भी बवाल! 

884

Congress Ticket Distribution Begins : सज्जन ने हाटपिपलीया का टिकट बांटा, फिर दीपक जोशी का क्या होगा!

Bhopal : सोमवार को भाजपा के बड़े नेता और पूर्व मुख्यमंत्री स्व कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी के कांग्रेस में लाने की जमकर चर्चा हुई। माना जाने लगा कि वे हाटपिपलीया से कांग्रेस के अगले उम्मीदवार होंगे! जिस गर्मजोशी से प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने उनके समर्थन में बयान दिया, यह माना गया कि दीपक जोशी का कांग्रेस में आना और चुनाव लड़ना तय ही है! लेकिन, आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन वर्मा ने सारे किए कराए पर पानी फेर दिया। उन्होंने इस सीट से राजवीर सिंह बघेल अन्य उम्मीदवार का नाम फ़ाइनल करके उसकी घोषणा भी कर दी।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को अभी करीब 6 महीने बचे हैं। भाजपा और कांग्रेस अभी चुनावी तैयारी में तो लगे हैं, पर किसी सीट से उम्मीदवार का नाम फ़ाइनल नहीं किया गया। लेकिन, कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने देवास जिले के हाटपिपलीया टिकट फाइनल करने की घोषणा करके बवाल मचा दिया। उनकी इस घोषणा के बाद कांग्रेस के दूसरे दावेदारों भी सक्रिय हो गए।

इससे देवास में कांग्रेस के दो धड़ों के बीच घमासान हो गया। सज्जन वर्मा ने हाटपिपलिया सीट पर एक दावेदार को सीधे उम्मीदवार ही घोषित कर दिया, जो कि अमूमन होता नहीं है। उन्होंने पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह बघेल के बेटे राजवीर सिंह बघेल को टिकट देने की घोषणा कर दी। ऐसे में सवाल उठता है कि दीपक जोशी के चुनाव लड़ने का क्या होगा? पार्टी उन्हें वास्तव में टिकट देगी या उन्हें भाजपा छुड़वाकर झुलाती ही रहेगी।

कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर हमेशा ही आवाज उठती रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तो स्वीकार भी कर चुके हैं कि भाजपा के मुकाबले कांग्रेस का संगठन कमजोर है। इसे मजबूत किया जाना जरूरी है। आज उनकी बात सही साबित भी हो गई।

कमलनाथ ही करेंगे टिकट फ़ाइनल  
इस घोषणा के बाद कांग्रेस के दूसरे दावेदारों में खलबली मच गई। एक अन्य दावेदार विश्वजीत चौहान का कहना है कि सज्जन वर्मा को टिकट फाइनल करने का कोई अधिकार नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ही पार्टी के टिकट फाइनल करेंगे। अभी वो वक्त आया नहीं आया कि सज्जन वर्मा ऐसी घोषणा करे। और भी दावेदार इस घोषणा के बाद खुलकर सामने आ गए। सज्जन सिंह वर्मा ने राजवीर सिंह बघेल का टिकट फाइनल बताते हुए लोगों को मदद के लिए आगे आने को कहा है। दूसरी तरफ उस बैठक का वीडियो वायरल होने के बाद ज्यादा हंगामा हुआ।

जानें क्या बोले सज्जन सिंह वर्मा
प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के सबसे नजदीकी माने जाने वाले पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने हाटपिपलिया में कहा कि राजेंद्र सिंह बघेल दिल्ली या भोपाल नहीं गए थे। उनका टिकट यहीं फाइनल हो गया था। इसी तरह अब राजवीर बघेल का टिकट भी फाइनल हो गया। उन्होंने लोगों से अपील की, कि उन्हें हाटपिपलीया सीट कांग्रेस के खाते में चाहिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के जारी होने के बाद दूसरे प्रत्याशियों ने और भी जतन करना शुरू कर दिए हैं।

हाटपिपलीया सीट पर समीकरण बदल गए
हाटपिपलीया सीट पर राजेंद्र सिंह बघेल विधायक चुने गए थे। इसके बाद जब पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी की एंट्री हुई तो वे लगातार दो बार यहां से विधायक रहे। इसके बाद मनोज चौधरी ने कांग्रेस उम्मीदवार बनकर दीपक जोशी को 2018 के विधानसभा चुनाव में हरा दिया। इसके बाद राजनीति का स्वरुप बदला और मनोज चौधरी भाजपा में आ गए और उपचुनाव भी जीत गए। इस बार भी भाजपा की तरफ से मनोज चौधरी ही उम्मीदवार माने जा रहे हैं। लेकिन, क्या कांग्रेस ने वास्तव  उम्मीदवार फ़ाइनल कर दिया, अभी ये तय नहीं!