ढाई करोड महिलाओं को जोड़ने की तैयारी में कांग्रेस, नारी सम्मान योजना से पहले कमलनाथ करवाएंगे सुंदरकांड

371

ढाई करोड महिलाओं को जोड़ने की तैयारी में कांग्रेस, नारी सम्मान योजना से पहले कमलनाथ करवाएंगे सुंदरकांड

भोपाल. प्रदेश में बजरंग बली की आराधना करने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ नारी सम्मान योजना की शुरुआत करेंगे। इसमें ढाई करोड़ महिलाओं को जोड़ने का प्लान कांग्रेस ने बनाया है। यह योजना प्रदेश सरकार की लाड़ली बहन योजना के तोड़ के रूप में कांग्रेस उपयोग करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ इस योजना को शुरू करने से पहले अपने को हनुमान भक्त के रूप में भी एक बार फिर से प्रदेश की जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे। कमलनाथ के छिंदवाड़ा स्थित हनुमान मंदिर पर मंगलवार की सुबह सुंदरकांड का पाठ होगा। इस पाठ में कमलनाथ और नकुलनाथ भी शामिल होंगे। इसके बाद कमलनाथ दोपहर बाद इस योजना की शुरूआत करेंगे। कमलनाथ के साथ ही मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के सभी नेता अलग-अलग जिला मुख्यालय पर इस योजना को लेकर पत्रकार वार्ता करेंगे और फार्म भरवाने का सिलसिला शुरू करेंगे।

इधर कांग्रेस ने इस योजना के जरिए ढाई करोड़ महिलाओं तक पहुंचने का टारगेट रखा है। हालांकि कांग्रेस के लिए यह टारगेट मुश्किल भरा है, लेकिन इसकी लगातार मॉनिटरिंग प्रदेश कांग्रेस के नेता अपने स्तर पर करेंगे। इसलिए इस टारगेट के आसपास तक पहुंचने की कांग्रेस के सभी नेताओं को उम्मीद है।

*कल से भरवाएं जाएंगे फार्म*
नारी सम्मान योजना के तहत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदेश की महिलाओं से दो योजनाओं के लिए फार्म भरवाएंगे। जिसमें महिलाओं को नारी सम्मान योजना के तहत डेढ़ हजार रुपए देने और पांच सौ रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने का फार्म होगा। यह आवेदन कांग्रेस की सरकार बनी तब उसका उपयोग किया जाएगा।

*हर फार्म का होगा नंबर*
बताया जाता है कि हर फार्म पर कांग्रेस एक नंबर आवंटित करेगी। हर जिले के लिए नंबर अलग-अलग रखे जाएंगे। पहली चरण में जिले अपने टारगेट अनुसार फार्म का प्रकाशन करवाकर उसका इस्तेमाल करेंगे। इन फार्म पर प्रदेश कांग्रेस नंबर जारी करेगी। इसके बाद यदि दूसरे चरण में जिले को फार्म की जरुरत पड़ी तो पहले उसे प्रदेश कांग्रेस से नये नंबर लेना होंगे। इसके बाद ही वे फार्म भरवा सकेंगे।