BJP: वरिष्ठों की नाराजगी दूर करने अब केंद्र के नेताओं के साथ होंगी टोली बैठकें

385
Bjp Membership Campaign

BJP: वरिष्ठों की नाराजगी दूर करने अब केंद्र के नेताओं के साथ होंगी टोली बैठकें

भोपाल. कर्नाटक चुनाव के नतीजों के बाद आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने चुनावी राज्यों के लिए वर्किंग प्लान तय किया है। इसमें रूठों को मनाने, वरिष्ठों की नाराजगी दूर करने के साथ रैली, सभा और सम्मेलन के लिए कहा गया है।

प्रदेश बीजेपी ने इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व के एक्शन प्लान पर अमल की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए बीजेपी अगले माह से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से बैठक करने के लिए केंद्रीय नेताओं की टीम के साथ पार्टी के प्रदेश और जिला स्तर पर गठित टोली को भेजेगी। बैठक के जरिये वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी दूर करने के साथ उनसे चुनाव अभियान में पूरी तरह से जुटने के लिए कहा जाएगा।

BJP के केंद्रीय संगठन ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ भोजन व परिचर्चा के लिए विधानसभा स्तर पर भी कार्यक्रम करने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुसार हर लोकसभा में नियुक्त दो सदस्यीय केंद्रीय टोली इसमें शामिल होगी। इस टोली में शामिल एक नेता विधानसभा के चिन्हित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक या सम्मेलन के जरिये संवाद करेंगे। इसके साथ ही हर जिले में पार्टी के मोर्चों का संयुक्त मोर्चा सम्मेलन भी कराया जाएगा। पार्टी द्वारा व्यापारियों को साधने के लिए स्थानीय और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में व्यापारी सम्मेलन करने को भी कहा गया है।

लोकसभा और विधानसभा स्तर पर विकास के प्रमुख स्थलों पर भी कार्यक्रम किए जाएंगे। हर विधानसभा में सातों मोर्चों द्वारा एक संयुक्त मोर्चा सम्मेलन करने के लिए भी निर्णय लिया गया है। इसमें केंद्रीय टोली के सदस्यों के अलावा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश मोर्चा के पदाधिकारी और वरिष्ठ नेताओं को बुलाया जाएगा। संगठन ने तय किया है कि 20 से 30 जून के बीच सात दिनों तक घर घर जनसंपर्क लोकसभा की नियुक्त टोली द्वारा किया जाएगा।

तैयार की जा रहीं टोलियां

केंद्रीय नेतृत्व ने चुनाव के मद्देनजर इन कार्यक्रमों को हर हाल में अमलीजामा पहनाने के निर्देश प्रदेश संगठन को दिए हैं। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तय कार्यक्रम के मुताबिक अब प्रदेश संगठन ने इसकी तैयारियों शुरू कर दी हैं और अलग-अलग टोलियों को बनाने का काम प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर किया जा रहा है।

केंद्रीय नेतृत्व के मुताबिक हर लोकसभा क्षेत्र में दो सदस्यीय टोली बनेगी जो लोकसभा स्तर पर प्रबुद्ध सम्मेलन करेगी। इसमें वरिष्ठ नेता और सांसद, विधायक रहेंगे। अभियान समिति पर अमल के लिए लिए केंद्रीय मंत्रियों, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, सदस्य और वरिष्ठ नेताओं की दो-दो सदस्यों की टोलियां बनाई गई हैं। इसके साथ ही केंद्रीय और प्रदेश के छह सदस्यों समेत प्रदेश स्तर पर सात सदस्यीय टोली बनाई जाएगी। जिला स्तर पर यह टोली छह सदस्यों वाली होगी और मंडल स्तर पर चार सदस्यों की टोली बनाई जा रही है।

पूरे एक माह सक्रिय रहेंगे कार्यकर्ता, पदाधिकारी

पीएम नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर बीजेपी 30 मई से 30 जून तक जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर कार्यक्रम कर बीजेपी विशेष जनसंपर्क अभियान चलाएगी। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मीट भी इस दौरान होगी। 19 मई को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति बैठक के बाद जिला व मंडल कार्यसमिति की बैठकें 23 मई तक पूरी करनी हैं। संगठन ने तय किया है कि सभी लोकसभा क्षेत्रों में केंद्रीय मंत्रियों और राष्ट्रीय पदाधिकारियों द्वारा बड़ी सभाएं भी एक माह के अंतराल में की जाएंगी। इसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों की मौजूदगी रहेगी।

एक माह में हर लोकसभा से 250 प्रभावशाली व्यक्तियों से संपर्क

बीजेपी संगठन ने तय किया है कि हर लोकसभा क्षेत्र में 250 प्रभावशाली व्यक्तियों, विशिष्ट परिवारों से संपर्क इस एक माह में किया जाएगा। इसके लिए ऐसे व्यक्तियों और परिवारों के चयन का काम भी शुरू हो गया है। हर लोकसभा से दस कार्यकर्ता ऐसे चिन्हित किए जा रहे हैं जो प्रभावशाली व्यक्तियों और विशिष्ट परिवारों से संपर्क में रहेंगे। ये प्रभावशाली व्यक्ति खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति, शहीद और अन्य प्रसिद्ध परिवारों से जुड़े हो सकते हैं।