MP की संस्कृति एवं विरासत से प्रभावित हुए म्यांमार के प्रतिनिधि

म्यांमार सरकार के संस्कृति मंत्रालय के 6 प्रतिनिधियों ने किया सांची एवं भोपाल का भ्रमण

418

MP की संस्कृति एवं विरासत से प्रभावित हुए म्यांमार के प्रतिनिधि

भोपाल: मध्यप्रदेश में बौद्ध धर्म, स्तूप, कला एवं संस्कृति की शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए म्यांमार के संस्कृति मंत्रालय के प्रतिनिधियों ने विश्व धरोहर स्थल सांची एवं भोपाल का भ्रमण किया। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रतिनिधियों को सांची के स्तूप और फिर भोपाल के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण करवाया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि मध्यप्रदेश में बौद्ध धर्म से जुड़ी शिक्षा, उपदेश और सिद्धांत समझने का मौका मिला। भगवान बुद्ध के शांति, मानवता, विश्वकल्याण जैसे संदेशों एवं उपदेशों के विस्तार के लिए सांची में बने स्तूप से सभी प्रभावित हुए।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव एवं मप्र टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री शिव शेखर शुक्ला (आई.ए.एस.) ने कहा कि ये परिचय यात्राएं (फैम ट्रीप) हमारे और इन एशियाई देशों के बीच घनिष्ठ संबंध स्थापित करने का एक बड़ा अवसर प्रदान करती हैं। भारत और एशिया के पर्यटन क्षेत्र में सद्भाव और विकास सुनिश्चित करने के लिए एक-दूसरे की संस्कृतियों और मूल्यों को साझा करना प्रमुख उद्देश्य है।
म्यांमार से आए प्रतिनिधियों का स्वागत होटल पलाश में मप्र टूरिज्म बोर्ड के उप संचालक श्री युवराज पडोले ने स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।