IRS Officer Arrested For Harrasing IAS Officer: IAS अधिकारी के यौन उत्पीड़न के आरोप में IRS अधिकारी गिरफ्तार

1001
Blackmail

IRS Officer Arrested For Harrasing IAS Officer: IAS अधिकारी के यौन उत्पीड़न के आरोप में IRS अधिकारी गिरफ्तार

नई दिल्ली: पुलिस ने दिल्ली में भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के एक अधिकारी को एक महिला IAS अधिकारी को छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न और परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

महिला IAS अधिकारी ने IRS अफसर पर छेड़छाड़, पीछा करने, यौन उत्पीड़न और परेशान करने का आरोप लगाया है।
IRS अधिकारी के खिलाफ IPC की धारा 354डी (किसी का पीछा करना), 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से उस पर हमला करना) और 506 (आपराधिक धमकी के लिए सजा) के तहत पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में केस दर्ज किया गया है।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि IRS अधिकारी से उसकी मुलाकात कोविड-19 सपोर्ट ग्रुप में काम करने के दौरान 2020 में हुई थी। वह उसके करीब आने की कई बार कोशिश कर चुका है लेकिन उसने उसे हर बार मना किया था। इसके साथ ही पीड़िता ने बताया कि जब उसके पति को पता चला तो उन्होंने आरोपित से बात की और उसे दूर रहने को कहा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर उसे परेशान करता रहा और मिलने के लिए उसे मैसेज करता रहा।

FIR के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि वह कोविड संकट के दौरान करुणा कोआपरेशन ग्रुप नाम के व्हाट्स एप ग्रुप की सदस्य थी। सहायता करने के क्रम में पीड़िता बिहार भवन में रेजीडेंट कमिश्नर के पद पर तैनात IRS अधिकारी के सम्पर्क में आई। आरोपित भी वाट्सएप ग्रुप का सदस्य था।
पीड़िता ने बताया कि आरोपित अक्सर उनके नजदीक आने की कोशिश करता रहता था, लेकिन वह इसकी अनदेखी कर देती थीं। कई बार पीड़िता ने चेतावनी भी दी।
FIR के अनुसार आरोपी भारतीय राजस्व सेवा (IRS) का 2010 बैच का अधिकारी है और वह पिछले 3 वर्ष से पीड़िता को लगातार परेशान कर रहा है। पीड़िता IAS अफसर वर्तमान में केंद्र सरकार में जॉइंट सेक्रेटरी के पद पर पदस्थ है और उनके पति भी IAS अधिकारी हैं।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी कई बार उसके दफ्तर में उससे मिलने आ धमकता था और उसे और उससे रिलेशनशिप बनाने की कोशिश करता था।
बताया गया है कि आरोपी पीड़िता को व्हाट्सएप, फोन और लैंडलाइन से संपर्क करने की लगातार कोशिश करता था। वह पीड़िता को लगातार अश्लील और धमकी भरे संदेश भेजकर मिलने के लिए बुलाता था। वह 15 मई को पीड़िता का पीछा करते हुए कृषि भवन तक पहुंच गया था। इसके बाद ही पीड़िता ने संसद मार्ग थाने में शिकायत की। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।