Rajukhedi Returned to Congress : भाजपा में जाने की घोषणा के बाद राजूखेड़ी फिर कांग्रेस में लौटे!

कमलनाथ को पत्र लिखकर कांग्रेस की रीति-नीति पर चलने का भरोसा दिलाया!

1119

Rajukhedi Returned to Congress : भाजपा में जाने की घोषणा के बाद राजूखेड़ी फिर कांग्रेस में लौटे!

Bhopal : धार लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रहे गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी ने कांग्रेस से अपना इस्तीफा वापस ले लिया। उन्होंने कमलनाथ को लिखे पत्र में कहा कि मैंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ रहकर कांग्रेस की रीति और नीति पर काम करने का फैसला किया है। इस आधार पर मैं अपना इस्तीफ़ा वापस ले रहा हूं। आपके द्वारा मिले आश्वासन और आपसे हुई चर्चा के अनुसार मैंने अपने फैसले पर सावधानीपूर्वक विचार किया मैं कांग्रेस पार्टी में रहकर आपके निर्देशन में जन सेवा का काम करता रहूंगा।

WhatsApp Image 2023 10 30 at 11.17.02

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों धार जिले की धरमपुरी विधानसभा से उन्होंने टिकट मांगा था। लेकिन, पार्टी ने इसे नकार दिया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। ये खबर मीडिया की सुर्खी बनी, लेकिन उनके भाजपा में औपचारिक रूप से शामिल होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई।

बताते हैं कि भाजपा ने भी उन्हें धरमपुरी से टिकट देने का आश्वासन नहीं दिया और फिर कालू सिंह को ही टिकट दिया। इसके बाद राजूखेड़ी फिर पीछे हट गए। पिछले विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने मनावर विधानसभा से टिकट मांगा था। बताते हैं कि उन्हें कांग्रेस पार्टी ने फिर धार से लोकसभा चुनाव लड़वाने का आश्वासन दिया है। इस आधार पर उन्होंने पार्टी से अपना इस्तीफा वापस ले लिया।

गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी की राजनीतिक शुरुआत भाजपा से ही हुई थी। उन्होंने कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री शिवभानु सिंह सोलंकी को मनावर में हराया था। लेकिन, इसके बाद वे कांग्रेस में आए और तीन बार धार से सांसद बने। पिछले कुछ सालों से वे राजनीति से अलग रहे। इस बार फिर विधानसभा टिकट की कोशिश की। लेकिन, जब कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो उन्होंने भाजपा में जाने का फैसला किया था। लेकिन, अब फिर कांग्रेस में लौट आए और अब उन्होंने इस आशय की घोषणा भी कर दी।