New CM of MP : डॉ मोहन यादव होंगे MP के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल ने मुहर लगाई!

जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को उप मुख्यमंत्री बनाया गया 

3084

New CM of MP : डॉ मोहन यादव होंगे MP के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल ने मुहर लगाई!

Bhopal : उज्जैन (दक्षिण) से विधायक बने डॉ मोहन यादव को मध्‍यप्रदेश का नया मुख्‍यमंत्री नियुक्‍त किया गया। उनके नाम की घोषणा बेहद चौंकाने वाली है। मोहन यादव शिवराज सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री थे। उन्हें संघ का बेहद करीबी माना जाता है। जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। इसके अलावा नरेंद्र सिंह तोमर स्पीकर होंगे।

उनके नाम का प्रस्ताव खुद शिवराज सिंह चौहान ने रखा। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में अभी तक शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, वीडी शर्मा और ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम सामने आया था। मोहन यादव का नाम किसी अनुमान में भी नहीं रहा। यही कारण है कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने से राजनीति के गलियारों में सनसनी हो गई। छात्र राजनीति से करियर की शुरुआत करने वाले मोहन यादव भाजपा के उज्जैन संभाग के बड़े नेता माने जाते हैं।

भाजपा ने विधानसभा चुनाव से मुख्यमंत्री के चेहरे के बिना लड़ा था। इस कारण अटकलें लगाई जा रही हैं कि मुख्यमंत्री कौन होगा! भाजपा ने 9 दिन मंथन करने के बाद जो नाम सामने लाया है, वो निश्चित रूप से चौंकाने वाला है। भाजपा के दफ्तर में नवनिर्वाचित विधायकों ने नए मुख्यमंत्री के नाम पर मोहर लगा दी।