Jabalpur Mayor in BJP : जबलपुर महापौर कांग्रेस छोड़ भाजपा में, कांग्रेस को दूसरा झटका! 

'अन्नू' को जबलपुर से भाजपा का सांसद उम्मीदवार बनाए जाने के आसार!  

376

Jabalpur Mayor in BJP : जबलपुर महापौर कांग्रेस छोड़ भाजपा में, कांग्रेस को दूसरा झटका! 

Jabalpur : मुरैना के बाद कांग्रेस को दूसरा झटका लगा। जबलपुर के महापौर और नगर अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा का पल्ला थाम लिया। भोपाल के प्रदेश भाजपा कार्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल भी उपस्थित थे।

जबलपुर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष रहे और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सुबह भोपाल के लिए रवाना हुए थे। जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ के साथ 4 से 5 पार्षद भी कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले हैं। ये पार्षद कौन होंगे, ये जानकारी नहीं मिली। महापौर के भाजपा में शामिल होने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि जबलपुर से उन्हें सांसद उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

जगत बहादुर अन्नू कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी हैं। निकाय चुनाव के दौरान कमलनाथ और तरुण भनोट ने उनके लिए सबसे ज्यादा प्रचार किया था। लोकसभा चुनाव से पहले जबलपुर में कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। जबलपुर में नगर निगम में भाजपा ही बहुमत में हैं। लेकिन, अब महापौर को भी अपने पाले में करके भाजपा ने कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया। कुछ दिन पहले ही कांग्रेस से विधायक उम्मीदवार रही जिला पंचायत सदस्य एकता ठाकुर ने भी भाजपा ज्वाइन की थी।

‘अन्नू’ के इस पार्टी बदल में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मंत्री राकेश सिंह की अहम भूमिका मानी जा रही है। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही महापौर जगत बहादुर के भाजपा में जाने की अटकलें शुरू हो गई थी। जगत बहादुर अन्नू के भाजपा में आने में प्रदेश अध्यक्ष अहम रोल माना जा रहा है। वीडी की सुसराल भी जबलपुर में है।

2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जबलपुर में शानदार प्रदर्शन किया है। पार्टी ने जिले की 8 विधानसभा सीटों में से 7 पर जीत हासिल की है। 2018 के विधानसभा चुनाव में यह मार्जिन 4-4 का था। जबलपुर लोकसभा सीट पर भी बीजेपी की मजबूत पकड़ मानी जाती है। पार्टी ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां बड़ी जीत हासिल की थी। ऐसे में जगत बहादुर अन्नू की भाजपा में एंट्री को लोकसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

कांग्रेस के टिकट पर जीते थे ‘अन्नू’

नगरीय निकाय चुनाव 2022 में जगत बहादुर ‘अन्नू’ कांग्रेस के टिकट पर जबलपुर के महापौर चुने गए थे। पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव जब जबलपुर पहुंचे थे, तो जगत बहादुर अन्नू ने दोनों से अलग-अलग मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया था।