2 Arrested in Stepwell Accident : बावड़ी हादसे में HC की फटकार बाद 2 आरोपी गिरफ्तार!   

11 महीने पहले हुए बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर हादसे में 36 लोगों की जान गई थी!  

323

2 Arrested in Stepwell Accident : बावड़ी हादसे में HC की फटकार बाद 2 आरोपी गिरफ्तार! 

Indore : यहां पटेल नगर की एक पुरानी बावड़ी के ऊपर अवैध रूप से बने बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में 11 माह पहले हुए भीषण हादसे 36 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में पुलिस ने अब 2 लोगों को हिरासत में लिया है। 36 श्रद्धालुओं की मौत में दो बच्चे और 21 महिलाएं शामिल थीं। डीसीपी ऋषिकेश मीणा ने बताया कि इस हादसे के मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।

मध्यप्रदेश हाई कोर्ट ने बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में पिछले साल रामनवमी पर हुए भीषण हादसे की अधूरी जांच को लेकर 19 जनवरी को गहरी नाराजगी जताई थी। अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया था कि यह जांच हादसे की पहली बरसी से पहले खत्म की जाए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर का फर्श 30 मार्च 2023 को रामनवमी के हवन-पूजन के दौरान इस तरह धंसा कि बावड़ी में गिरकर 21 महिलाओं और दो बच्चों समेत 36 लोगों की जान चली गई थी।

डीसीपी ने बताया कि हादसे के बाद बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सेवाराम गलानी और सचिव मुरली कुमार सबनानी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्रशासन ने हादसे के चार दिन बाद 3 अप्रैल 2023 को बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर के देवी-देवताओं की मूर्तियां अन्य देवस्थान में पहुंचाई। इसके बाद आम लोगों की सुरक्षा का हवाला देते हुए बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर को ढहा दिया गया था। इसके साथ ही, भीषण हादसे की गवाह रही बावड़ी को मलबा डालकर हमेशा के लिए बंद कर दिया गया।

मेडिकल के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा  

पुलिस डीसीपी ऋषिकेश मीणा ने बताया कि दोनों ही आरोपियों को मेडिकल के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके विरोध में सिंधी समाज के लोगों ने आधे दिन का व्यापार बंद करने का आह्वान किया था। बावड़ी हादसा कांड के आरोपी सेवाराम गलानी व मुरली सबनानी को पुलिस ने किया गिरफ्तार किया है। हाई कोर्ट में लगी याचिका के बाद गिरफ्तारी गई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती है।