WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

Weather Changed in MP : प्रदेश में कई जगह बारिश, ओलावृष्टि से फसलें प्रभावित

10 जनवरी तक मौसम इसी तरह रहने की संभावना, गरज-चमक के साथ बारिश होगी

MP Weather

Bhopal : मौसम के रुख में फिर बदलाव आ गया। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की या तेज बारिश हुई। कई जगह ओले पड़ने की भी ख़बरें हैं। भोपाल में रात भर बारिश होती रही। भोपाल सहित आसपास जिलों में दिनभर बादलों का डेरा रहेगा, इसके चलते रात के तापमान में 2 डिग्री से अधिक का इजाफा हुआ। इंदौर में गुरुवार दोपहर शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। रात में भी बूंदाबांदी होती रही। 10 जनवरी तक मौसम इसी तरह रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में ग्वालियर चंबल के जिलों के साथ नीमच, मंदसौर, आगर, शाजापुर, राजगढ़, सीहोर, और विदिशा जिले में कहीं कहीं गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है।

इसके अलावा अशोकनगर जिले के डोंगरा, बामोरा, बांसाखेड़ी, सेमरा, रेपरी, करीला आदि गांवों में गरज के साथ ओले गिरे। इससे सरसों और धनिया सहित अन्य फसलों को नुकसान होने के आसार हैं। बुधवार रात्रि से शुरू हुई बारिश का दौर अभी भी जारी है। इस मौसम का असर अगले 4 से 5 दिन तक रहने आसार हैं। प्रदेश में बादल और बारिश होगी। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि जैसी स्थिति बनी है।

आज सुबह से प्रदेश के कई जिलों में सर्द हवाएं चल रही है। सबसे ज्यादा सर्द मौसम नौगांव, रीवा, उमरिया का है। यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ गुना और अशोकनगर में भी आंवले के आकार के ओले गिरे, जिससे फसलों को नुकसान हुआ। श्योपुर में भी बारिश दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने से मौसम में तेजी से बदलाव आया। इसके असर से शुक्रवार को वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी, ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान गुना में 8.4, नौगांव में 4.8, टीकमगढ़ में 03 और खजुराहो में 2.6 मिमी बारिश हुई। वहीं बादल छाने और हवाओं का रुख बदलने की वजह से वजह से रात के तापमान में इजाफा हुआ।

प्रदेश में रीवा (9.6 डिग्री) को छोड़कर बाकी तमाम जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, साथ ही यह पिछले दिन के न्यूनतम तापमान से 3.4 डिग्री अधिक रहा। शुक्रवार से पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने लगेगी। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम का मिजाज 10 जनवरी तक बिगड़ा रह सकता है।