MP By Election : MP की बुधनी और विजयपुर सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान!

122

MP By Election : MP की बुधनी और विजयपुर सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान!

विजयपुर से भाजपा उम्मीदवार तय, बुधनी से तय नहीं, कांग्रेस भी दमदार उम्मीदवारों की तलाश में!

Bhopal : चुनाव आयोग ने आज महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ 13 राज्यों की रिक्त 48 विधानसभा सीटों पर भी चुनाव की घोषणा कर दी। इसमें मध्य प्रदेश की भी दो विधानसभा सीट बुधनी और विजयपुर हैं जहां 13 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

मध्य प्रदेश में दोनों विधानसभा सीटें भाजपा के लिए बेहद प्रतिष्ठा की सीट मानी जा रही है। क्योंकि, बुधनी सीट पर बरसों से कब्जा जमाने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने इस बार जब विदिशा से लोकसभा का चुनाव जीता तो बुधनी सीट से इस्तीफा दे दिया। जबकि, श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीते रामनिवास रावत ने भाजपा में शामिल होकर इस सीट से इस्तीफा दिया था। अब उन्हें इसी सीट से फिर जीतकर अपने फैसले को सही साबित करना है। इन दोनों सीटों पर उपचुनाव को लेकर दोनों ही पार्टियां भाजपा और कांग्रेस कमर कस चुकी हैं। भाजपा ने दोनों ही सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर पार्टी आलाकमान को भेज दिया है।

WhatsApp Image 2024 10 15 at 17.22.48

बुधनी में शिवराज का उत्तराधिकारी कौन

बुधनी विधानसभा सीट से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनाव जीतते आए हैं। वे इस सीट से 2006 में विधायक चुने गए और इसके बाद 2008, 2013, 2018 और 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से ही जीत दर्ज की। हालांकि, लोकसभा चुनाव में उन्होंने विदिशा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। इसके चलते यह सीट खाली हो गई थी। इस सीट पर उनके उत्तराधिकारी के रूप में एक बड़ा नाम उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान का भी है, जो पिछले कई चुनाव से शिवराज सिंह चौहान के लिए काम करते आए हैं। हालांकि पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों के नामों की सूची तैयार कर पार्टी आलाकमान को भेज दी। बुधनी विधानसभा सीट भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। कांग्रेस ने इस सीट से आखिरी चुनाव 1998 में जीता था, जब कांग्रेस के देव कुमार पटेल ने जीत दर्ज की।

रावत को कौन टक्कर देगा

कांग्रेस के 6 बार विधायक रहे रामनिवास रावत के भाजपा में शामिल होने और विधायक पद से इस्तीफा देने की वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। इस सीट पर कांग्रेस के रूप में रामनिवास रावत की मजबूत पकड़ रही है। लेकिन, अब स्थिति बदल चुकी है। रामनिवास रावत अब भाजपा में हैं और प्रदेश की मोहन सरकार में वन मंत्री भी बनाए गए। वे इस सीट से 6 बार चुनाव जीत चुके हैं। 1990, 1993, 2003, 2008, 2018 और 2023 में वे इस सीट से जीते।
हालांकि, अब चुनौती कांग्रेस के सामने हैं कि रामनिवास को टक्कर देने वे किसे मैदान में उतारा जाए! कांग्रेस ने कांटे से कांटा निकालने के लिए भाजपा नेता और पूर्व विधायक सीताराम आदिवासी पर डोरे डाले थे, जो पूर्व में नाराज थे। लेकिन, पार्टी ने उन्हें मंत्री का दर्जा देकर मना लिया।

कौन होगा कहां से दावेदार

विजयपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की तरफ से तो रामनिवास रावत का नाम फाइनल है। कांग्रेस से भाजपा में आने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था। जबकि, कांग्रेस भी दोनों सीटों पर मजबूत उम्मीदवार खोज रही है। माना जा रहा है कि शिवराज सिंह के राजनीतिक गढ़ में कांग्रेस पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव को मैदान में उतार सकती है।