

Weather Update: MP में 21 मार्च तक तापमान में चलेगा उतार चढ़ाव, 17-18 मार्च को छाएंगे बादल
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कम होने वाला है। 14 और 15 मार्च को लद्दाख में भारी बर्फबारी और कश्मीर में बारिश की संभावना रहेगी। 16 मार्च से यहां बारिश और बर्फबारी का सिलसिला थम जाएगा क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ की संभावना फिलहाल ऊंची हवाएं होने से टल रहीं हैं। लेकिन दक्षिण – पश्चिम भाग से बादलों का एक रैला राजस्थान पहुंच रहा है जहां बादलों का डेरा कल से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री कमी लायेगा। दिल्ली में भी तापमान में हल्की कमी आएगी, यहां आज और कल बादल छाएंगे।
मध्य प्रदेश में अगले 21 मार्च तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। दक्षिण- पश्चिमी हवाओं का असर यहां पर तापमान में कमी भी ला सकता है। क्योंकि बादलों की एक श्रृंखला मध्य प्रदेश – गुजरात को भी प्रभावित करेगी, जिससे मध्य प्रदेश में 16, 17 और 18 मार्च को बादल छाएंगे। बादल छंटने के बाद तापमान में फिर से उतार चढ़ाव बनेगा लेकिन 22 मार्च से तापमान में फिर वृद्धि होने लगेगी।
इधर दक्षिण भारत से भी बादलों का जत्था महाराष्ट्र में 16 से 18 मार्च तक पश्चिमी भाग में घूमेगा। इससे अधिकतम तापमान में हल्की कमी आएगी। लेकिन पूर्वी भाग तपेगा। नागपुर में अधिकतम तापमान मार्च माह के अंत तक 44 डिग्री तक भी जा सकता है।
गोवा में मौसम शुष्क रहेगा यहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री रहेगा।
दक्षिण भारत के केरल में इस सप्ताह पूर्वी दिशा से आ रहे बादल सामान्य वर्षा कर सकते हैं।