BJP Meeting : ‘हर बूथ-भाजपा बूथ’ बने, विस्तारकों की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण 

भाजपा के ग्रामीण पदाधिकारियों और बूथ विस्तारक के कामकाज की समीक्षा

753

Indore : इंदौर के ग्रामीण की जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्ष, मंडल विस्तारकों एवं एप्लिकेशन विस्तारकों की महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी ने कहा कि 2022 राजनीतिक दृष्टि से ऐतिहासिक वर्ष कहलाएगा क्योंकि, इस वर्ष को कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष में रूप में भाजपा मना रही है।

ठाकरेजी के सपने को पूरा करने के लिए कार्यकर्ता समयदान करके बूथों पर प्रवास कर भाजपा को आधुनिक तकनीक से जोड़कर डिजिटल करने का काम कर रहे है।

जो विस्तारक इस योजना में लगे हैं, वे भाजपा को मजबूत नहीं कर रहे बल्कि भारत के भविष्य को मजबूत करने का काम कर रहे है।

आज किया गया कार्य कल भारत को सुरक्षित और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित करेगा, इसलिए ‘हर बूथ-भाजपा बूथ’ बने इसमें विस्तारकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

जिला प्रभारी भाटी ने कहा कि 2014 के आम चुनाव में कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से भाजपा की सरकार बनी। जब बूथों पर जाकर पसीना बहाया तब जाकर 2019 में पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत मिला और नरेंद्र मोदी फिर प्रधानमंत्री बने और ऐतिहासिक कार्यो के साक्षी हम सब बने हैं।

यह सब मेहनत के कारण संभव हुआ है। भारत विश्व में मजबूत राष्ट्र बनें, और भाजपा आने वाले 50 वर्षों तक देश की जनता की सेवा करें इसके लिए हमें बूथ को मजबूत करना है।

तेज बहादुर सिंह ने कहा कि 2014 से राजनीतिक परिदृश्य बदला और सोशल मीडिया एक हथियार बना है। हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में राजनीति में भी डिजिटल टेक्नोलॉजी बढ़ी है।

भाजपा भी समय के साथ चलकर अपने संगठन को मजबूत करने का काम करती है। हमारा हर बूथ डिजिटल बने, इसलिए विस्तारक योजना बनाई है। हमें हर हाल में इस महत्वाकांक्षी योजना को पूरा करना है।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजेश सोनकर ने कहा कि इंदौर संगठन के हर लक्ष्य एवं कार्ययोजना पर खरा उतरता है। क्योंकि, आपके ही परिश्रम के फलस्वरूप संगठन के लक्ष्यों को पूरा किया है।

ठाकरेजी ने साईकल पर घूम घूमकर संगठन खड़ा किया, ठाकरेजी संगठन के विस्तार के लिए लगातार प्रवास करते थे। उनके परिश्रम से ही भाजपा आज वटवृक्ष के रूप में स्थापित हुई है, इसकी जड़ों को मजबूत करने के लिए हमें बूथ को सशक्त करने की जरूरत है।