Garment Broker Cheated : गारमेंट दलाल ने 9 महीने में ठगे 1.69 करोड़, बड़ा आर्डर दिलाने के नाम पर वारदात! 

दलाली की आड़ में कारोबारियों से ठगी करता, वह ठाणे में छुपा था पकड़ा गया! 

374

Garment Broker Cheated : गारमेंट दलाल ने 9 महीने में ठगे 1.69 करोड़, बड़ा आर्डर दिलाने के नाम पर वारदात! 

Indore : क्राइम ब्रांच ने रेडिमेड कपड़ा व्यापारियों से ठगी कर फरार हुए दलाल किरीट जडेजा को मुंबई से पकड़ लिया। आरोपी की 9 माह से तलाश थी। कपड़ा कारोबारियों ने पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह को शिकायत दर्ज करवाई थी। आरोपी बार-बार सिम कार्ड और ठिकाने बदल लेता था। मूलत: मांडवी कच्छ (गुजरात) का निवासी किरीट 7वीं तक पढ़ा है। वह दलाली की आड़ में कारोबारियों से ठगी करता है। वह ठाणे (मुंबई) में छुपा था।

क्राइम ब्रांच के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि ठग खुद कपड़ों का दलाल है। व्यापारियों की शिकायत पर उसके खिलाफ पुलिस ने धारा 316 (5), 318 (4), 3 (5) का केस दर्ज किया था। आरोपी ने 1 जुलाई 2024 से 26 मार्च 2025 तक व्यापारियों से पैसे लिए। गुडबाय फर्म के संचालक मुकेश जैन और अन्य रेडीमेड कपड़ा व्यापारियों के फर्म संचालकों ने शिकायत की थी कि उनकी फर्म से व्यापार करने के लिए दलाल आरोपी अशोक नारायण गोपलानी तथा साथी आरोपी कार्तिक भाई ने संपर्क किया। दोनों ने उनकी इन्द्रेश्वर टेक्सटाइल एजेंसी है, जिसका ऑफिस कृष्णा कॉम्प्लेक्स, गैस हाउस रोड पर है। आरोपी अशोक और कार्तिक ने व्यापारियों के कार्यालय पर आकर कहा कि हम आपको बाहर के व्यापारियों से ऑर्डर दिलाएंगे, जिसका पेमेंट 30-45 दिन में मिल जाएगा।

व्यापारियों को ऑफिस में बुलाते 

आरोपी बाहर के व्यापारियों को पहले अपने ऑफिस पर बुलाते थे। उसके बाद रेडीमेड कपड़ा व्यापारियों के यहां आर्डर दिलाने ले जाते थे। आरोपियों ने कहा कि हम आपको जिन भी व्यापारियों से ऑर्डर दिलाएंगे, वे सभी विश्वसनीय और भरोसेमंद हैं। व्यापारियों को उनका पेमेंट समय पर मिल जाएगा। आरोपियों की बातों पर विश्वास कर व्यापारियों की फर्म उसके बताए व्यापारियों से व्यापार करने के लिए राजी हो गई।

 

ठगों ने इनको बनाया निशाना

दलाल आरोपियों ने व्यापारी की कंपनी से अन्य व्यापारियों जैसे वीआर ट्रेडिंग मुंबई, साईं इम्पेक्स मुंबई, हर्षा ट्रेडर्स मुंबई, रॉयल क्रिएशन हैदराबाद, वीए टेक्सटाइल हैदराबाद, राशि कलेक्शन हैदराबाद, पी. वाल्स ओवरसीज लिमिटेड बैंगलोर, शिव शक्ति इंडस्ट्रीज कांदिवली, जुबिया टेक्सटाइल तेलंगाना, फेब्रिक वर्ल्ड नालगेंडा तेलंगाना, खुशबू इंटरप्राइजेस पाली (राजस्थान) आदि व्यापारियों से 1 करोड़़ 69 लाख 96 हजार 876 रुपए का रेडीमेड कपडों का माल दिलवाया।

माल देने के बाद अब तक व्यापारियों को पेमेंट नहीं मिल पाया। व्यापारियों ने जब आरोपियों को कॉल किया, तो उन्होंने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया। परेशान व्यापारी जब आरोपियों के ऑफिस के पते पर पहुंचे तो वह बंद मिला। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी किरीट जडेजा उर्फ कार्तिक (निवासी जिला कच्छ) को ठाणे से पकड़ा। आरोपी से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है।