Husband Became Monster: गैस चूल्हे से चाकू गर्म कर पत्नी के शरीर पर कर दिए 50 से अधिक जलने के निशान

626

Husband Became Monster: गैस चूल्हे से चाकू गर्म कर पत्नी के शरीर पर कर दिए 50 से अधिक जलने के निशान

खरगोन : बड़वानी जिले के अंजड़ से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। नव विवाहिता महिला के शरीर पर 50 से अधिक जलने के निशान पाए गए हैं। उसका आरोप है कि उसके पति ने सुंदर न होने का हवाला देते हुए गैस जलाकर चाकू गर्म किया और उसके शरीर पर जगह-जगह दाग दिया।

IMG 20250827 WA0026

मामला बड़वानी जिले के अंजड़ थाने का जरूर है लेकिन नव विवाहिता महिला खुशबू कथित घटना के बाद खरगोन जिले में लौट आयी, और उसने पुलिस को शिकायत की। महिला पुलिस की एएसआई ने भी उसके शरीर पर जगह जगह खौफनाक निशान देखकर आक्रोश जताया। जिला अस्पताल में भर्ती खुशबू के शरीर पर जिसने भी निशान देखे वह सिहर गया।

IMG 20250827 WA0025

खुशबू ने बताया कि वह खरगोन जिले के मेनगांव थाना क्षेत्र के अवरकच्छ ग्राम की निवासी है। उसकी शादी 2 फरवरी को बड़वानी जिले के अंजड़ में भंगार का काम करने वाले दिलीप पिपलिया से हुई थी।

उसका आरोप है कि शादी के बाद से ही दिलीप उससे खुश नहीं था और वह कहता था कि वह सुंदर नहीं है। और परिवार वालों के दबाव में आकर उसे शादी करना पड़ी है।

उसने बताया कि रविवार रात उसका पति दिलीप शराब पीकर आया। और उसने उसके साथ मारपीट की फिर घसीट कर किचन में ले गया । दरवाजे बंद कर किचन गैस चूल्हा जला लिया। इसके बाद उसने उसके हाथ पैर बांध दिए। फिर शुरू हुई जुल्म की इंतहा। उसने सर पर देसी कट्टा रखकर धमकाया और गैस की आंच पर चाकू को गर्म किया । फिर दोनों हाथों ,पीठ और कूल्हे पर कई स्थानों पर दाग दिया। दागने के करीब 50 निशान उसके शरीर पर दिखाई दे रहे हैं।

उसने बताया कि ससुराल पक्ष को घटना बताए जाने पर पहले तो उन्होंने कहा कि वह दिलीप को डांटेंगे लेकिन बाद में कहने लगे कि यह चटके (दाग) उसने खुद लगाए हैं। आज सुबह वह अपने भाई के साथ मायके वापस आ गई।

उसके पिता लोकेश वर्मा ने बताया कि वह न्याय चाहते हैं। वे शिकायत दर्ज करवाने पहले मेनगांव थाना क्षेत्र में गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में पुलिस ने उनकी लड़की के बयान लिये।

उन्होंने बताया कि दहेज के लिए प्रताड़ित करने वाले दिलीप पिपलिया का परिवार कल दोपहर दो वाहनों में भरकर मेनगांव भी आ गया था । और उन्होंने धमकाया था कि यदि आधे घंटे में लड़की उनके साथ घर नहीं गई तो सबको उड़ा देंगे।

उधर महिला के ससुराल पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि शरीर पर दाग उसने खुद ने लगाए हैं। उन्होंने बताया कि दिलीप ने खुशबू को पसंद किया था और धूमधाम से शादी की थी।

उधर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर खरगोन जिले के जैतापुर थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया। जैतापुर थाने के प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया कि मामला चूंकि अंजड़ का है इसलिए इस प्रकरण को जीरो पर कायम कर वहां ट्रांसफर किया जा रहा है।