
Weather Update: MP में शुक्रवार से बारिश की संभावना प्रबल,आज इन्दौर, होशंगाबाद, धार में हो सकती है बारिश
मध्य प्रदेश में पूर्वी दिशा से बादलों का आवागमन शुरू हो चुका है। आज मध्य क्षेत्र से गुजरते हुए बादल होशंगाबाद, इंदौर, देवास, धार आदि क्षेत्र में अचानक बारिश कर सकते हैं। वैसे शुक्रवार से बारिश की संभावना प्रबल हो जाएगी जब प्रदेश के अनेक हिस्सों में बारिश फिर से होने लगेगी।
विगत 31 अगस्त को म्यांमार में दाखिल हुआ नोंगफा नामक चक्रवात खत्म होते होते भारत के पूर्व से मध्य प्रदेश में बरसते हुए गुजरात पहुंचा था। गुजरात में जाकर यह पूरी तरह बिखर गया था, लेकिन कल पाकिस्तान के कराची में जाकर इसे फिर से जान मिली है और यह फिर जीवित होकर 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अरब सागर की ओर फिलहाल बढ़ रहा है। बहरहाल अभी इसकी सही दिशा तय नहीं है यह पाकिस्तान की तरफ भी बढ़ सकता है या पूरी तरह खत्म भी हो सकता है।
उत्तर भारत में गोलाकार बादल अभी भी बने हुए हैं जो अरुणाचल, असम, मेघालय, सिक्किम से होते हुए बिहार से नेपाल की तरफ बढ़ रहे हैं। इन्हीं बादलों के कारण झारखंड से मध्य प्रदेश की ओर हवाएं चल रहीं हैं। बंगाल की खाड़ी में बादलों का खासा जमाव है जिससे केरल, तमिलनाडु आदि इलाकों में बारिश की संभावना बन रही है। महाराष्ट्र में भी बादलों का जमाव तेलंगाना छत्तीसगढ़ की तरफ से हो रहा है।
उत्तर भारत में बारिश के संकट के बादल छंट चुके हैं। केवल उत्तराखंड में दोपहर बाद बारिश की संभावना रहेगी।





