बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना: लकड़ी बीनने गई महिला को आवारा कुत्तों ने जिंदा नोच डाला, चीखें सुन दौड़े लोग लेकिन नहीं बच सकी जान

186

बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना: लकड़ी बीनने गई महिला को आवारा कुत्तों ने जिंदा नोच डाला, चीखें सुन दौड़े लोग लेकिन नहीं बच सकी जान

 

बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। राजघाट रोड स्थित ईंट भट्टों के पास लकड़ी और स्क्रैप बीनने गई एक महिला पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने महिला को इतनी बुरी तरह नोचा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान 35 वर्षीय लीलाबाई बकावले के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए प्रतिदिन मजदूरी और स्क्रैप-लकड़ी बीनने का काम करती थी। शुक्रवार शाम वह रोज की तरह घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौट सकी।

प्रत्यक्षदर्शी और ईंट भट्टे के कर्मचारी गोलू गोले के अनुसार उन्होंने अचानक कुत्तों के भौंकने और महिला की चीखने की आवाज सुनी। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि कई आवारा कुत्ते महिला पर हमला कर रहे थे। उन्होंने पत्थर मारकर कुत्तों को भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने बताया कि महिला के सिर, गर्दन, गले और पेट पर गंभीर घाव पाए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा मौत के कारणों की पुष्टि के लिए शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जायेगा ।

मृतका के पिता नारायण निरगुड़े ने बताया कि लीलाबाई मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी। घटनास्थल के पास उसकी लकड़ियों की बंधी हुई पोटली मिली। वहीं आसपास आवारा कुत्तों के कई झुंड भी देखे गए।

IMG 20260613 WA0008

नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि डॉग बाइट और श्वानों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकाला गया।

IMG 20260613 WA0007

वहीं नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा ने कहा कि घटना स्थल नगर पालिका सीमा से बाहर ग्राम पंचायत क्षेत्र में आता है। उन्होंने बताया कि आवारा श्वानों के नियंत्रण के लिए एआरटी सेंटर स्थापित करने और नसबंदी-टीकाकरण अभियान को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी हैं। उनके अनुसार अब तक करीब 200 आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण कराया जा चुका है.