केंद्रीय मंत्री ने दिव्यांग पार्क “अटल अनुभूति उद्यान” का निरीक्षण किया

1133

उज्जैन से सुदर्शन सोनी की रिपोर्ट

उज्जैन। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अपने उज्जैन प्रवास के दौरान सांसद अनिल फिरोजिया के साथ कोठी रोड़ स्थित प्रदेश के सबसे बड़े दिव्यांग पार्क “अटल अनुभूति उद्यान” का निरीक्षण किया इस दौरान अन्य गणमान्य नागरिक और अधिकारी गण मौजूद रहे।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार एवं उज्जैन विकास प्राधिकरण के संयुक्त मद से लगभग 3 करोड़ की लागत से निर्मित एवं उज्जैन नगर निगम द्वारा संधारित यह पार्क देश का सबसे बड़ा दिव्यांग पार्क है। यहां दिव्यांगजनों  के स्वास्थ्य, मनोरंजन एवं शारीरिक विकास संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।

यहाँ दिव्यांगों के उपयोग में आने वाले कई उपकरण लगाए गए हैं पूरे पार्क में एक्यूप्रेशर टाइल्स लगे हैं, दृष्टिबाधितों के लिए ब्रेल लिपि में जगह जगह पट्टिकाएं लगाई गई हैं।

मेंटली कमजोर बच्चों के लिए सेंसरी पिट ओपन जिम बनाया गया है। उद्यान में एक अरोमा पार्क भी बनाया गया है इस अरोमा पार्क में दिव्यांगजनों को सुगंध के माध्यम से फूल पौधों की पहचान करना आदि गतिविधियां सिखाई जाती है।

पार्क में एक चिटचेट हॉल बना हुआ है जहां दिव्यांगजनों के मनोरंजन एवं ज्ञान के लिए विभिन्न प्रकार के खेल उपकरण उपलब्ध हैं साथ ही दिव्यांगजनों के प्रोत्साहन हेतु विशेष उपलब्धि प्राप्त दिव्यांगजनों के फोटो व विवरणी भी उपलब्ध है।

उद्यान में साइंस इक्विपमेंट्स लगाए गए हैं जिसमें भार उत्तोलक यंत्र, विश्व समय सूचक यंत्र, डीएनए संरचना, म्यूजिकल ट्यूब्स आदि ज्ञानवर्धक उपकरण लगे हुए हैं उद्यान में द्रोणगिरी वाटिका भी बनाई गई है|

रामायण में उल्लेखित द्रोणगिरी वह स्थल है जहां पर संजीवनी जैसी जीवनदाई औषधियां प्राप्त हुई थी। उसी प्रकार लगभग 100 उत्तम प्रजातियों के औषधीय पौधे यहां रोपित किए गए हैं।

पार्क में एक धूप घड़ी – (उत्तरी गोलार्ध) भी लगाई गई है। इस घड़ी से स्थानीय समय ज्ञात होता है, भारतीय मानक समय जानने के लिए घड़ी के नीचे लिखी गई सारणी से तात्कालिक दिनांक व सामने लिखे मिनट, छाया समय में जोड़ने पर भारतीय मानक समय प्राप्त होता है। धूप घड़ी में दिनांक 23 मार्च से 22 सितंबर तक उत्तर दिशा की ओर बनी धूप घड़ी में समय देखा जा सकता है।

WhatsApp Image 2022 02 24 at 5.18.16 AM

उद्यान में झूले, सी-सॉ, मचान आदि मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध कराए गए हैं। इस पार्क को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सबसे बड़े दिव्यांग पार्क के रूप में शुमार किया गया है।

निरीक्षण करते हुए केंद्रीय मंत्री ने पार्क की व्यवस्थाएं, साफ सफाई एव दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु जो उपकरण लगाए गए हैं उन्हें देख प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सराहना की, साथ ही उपस्थित दिव्यांगजनों को उपकरण भेंट किए।