महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब: पशुपतिनाथ के हजारों ने किये दर्शन

श्रद्धालुओं का क्रम जारी

1016

मंदसौर से डॉ. घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। शिवरात्रि पर नगर और जिले के शिवालयों में शिव-पार्वती मंगल विवाह के तीन दिवसीय आयोजनों का उत्साह पूर्ण आयोजन रहा।

प्रसिद्ध अष्टमूर्ति पशुपतिनाथ का हल्दी उबटन स्नान, विशेष श्रृंगार, अभिषेक पूजन हुआ।

महादेव का दूल्हे के रूप में और पार्वती का दुल्हन के रूप में आकर्षक श्रृंगार हुआ। मंगलवार को प्रातः ब्रह्ममुहूर्त में ही मंगला आरती के साथ दर्शन क्रम आरम्भ हुआ जो अनवरत जारी है। नगर और अंचल के हजारों श्रद्धालुओं ने पशुपतिनाथ महादेव के दर्शन, पूजन, अभिषेक, आरती का लाभ लिया। यह क्रम अब भी चल रहा है।

मुख्य पुजारी पंडित कैलाशचंद्र भट्ट, पंडित सुरेंद्र आचार्य, पंडित राकेश भट्ट की सेवाओं के साथ अभिषेक, पूजन, आरती कराई जा रही है।

दर्शनार्थियों की भारी भीड़ के चलते कलेक्टर द्वारा महाशिवरात्रि पर्व पर गर्भगृह में प्रवेश निषेध किया गया।

विधायक यशपालसिंह सिसौदिया, कलेक्टर गौतमसिंह, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, रेडक्रॉस चैयरमेन प्रितेश चावला, न्यायाधीश गण, समेत अनेक गणमान्यजनों ने बाहर से पंडितों के आचार्यत्व में विधिपूर्वक दर्शन लाभ लिया|

अर्धनारीश्वर का श्रृंगार पशुपतिनाथ का किया। सायंकाल महाआरती बाद डॉयफूट के साथ पुष्पों से सज्जित साफा सजाया गया।

WhatsApp Image 2022 03 01 at 6.35.50 AM

महिलाओं और पुरुषों की अलग अलग कतारें लगी। पुलिस जवानों और महिला आरक्षक व्यवस्था को नियंत्रित करते रहे।
प्रबंधन के राहुल रुनवाल, एसडीएम बिहारीसिंह, थाना प्रभारी अमित सोनी निगरानी करते देखे गए।

नई आबादी स्थित प्राचीन अमलेश्वर महादेव मंदिर आकर्षण का केंद्र रहा।

पंडित गौरव शर्मा एवं पंडित सौरभ शर्मा द्वारा पूजन अभिषेक श्रृंगार किया गया। मन्दिर समिति अध्यक्ष गोपाल गुरु, सचिव दिलीप शर्मा ने बताया कि यह प्राचीन शिव प्रतिमा चमत्कारी है।

अफ़ीम काश्तकारों के सहयोग से जिला ओपियम फैक्ट्री परिसर में आजादी के पहले स्थापित हुई। विधायक श्री सिसोदिया, जिला इंटक अध्यक्ष खूबचंद शर्मा, जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष ब्रजेश जोशी आदि ने आरती, जलाभिषेक किया।

 

श्री गोपाल गुरु ने बताया कि रात्रि जागरण और भजन संध्या आयोजित है।

गांधी चौराहा स्थित विश्वपति शिवालय, अभिनन्दन नगर के विश्वनाथ महादेव मंदिर, किला रोड स्थित जागेश्वर महादेव, भूतेश्वर महादेव, स्टेशन मार्ग के नीलकंठ महादेव, तापेश्वर महादेव, मेनपुरिया के प्रत्यक्षवर महादेव, गौशाला के गोपेश्वर महादेव सहित अन्य शिव मंदिरों में पूजन आरती अभिषेक श्रृंगार हुए। श्रद्धालुओं ने ॐ नमः शिवाय के जयकारों के साथ दर्शन किये।

जिले के गरोठ स्थित धर्मराजेश्वर महादेव पर भी भारी भीड़ दिनभर बनी रही। कई देवालयों में पार्थिव शिवलिंग बनाये गए। शिव पुराण कथा आयोजित हुई।

पशुपतिनाथ सहित अन्य मंदिरों में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई। महाआरती हुई हजारों ने जयकारों के साथ सबके कल्याण की प्रार्थना की।

ज्ञातव्य है कि गत सप्ताह ही गर्भगृह में प्रवेश अनुमति जारी की गई थी।

♦️शिवरात्रि – महादेव प्रसंग

मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा त्रिदिवसीय महादेव प्रसंग पर धार के ललित कला संस्थान के कलाकारों द्वारा शिव केंद्रित शिविर हुआ। चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई।

भरतनाट्यम शैली में मुंबई की संध्या पुरेचा दल द्वारा नृत्य प्रस्तुत किया ।शिव महिमा पर भोपाल की कीर्ति दुबे एवं मंदसौर की सुमन देवी गंधर्व के भजनों की प्रस्तुति मंदिर सभा ग्रह में हुई।

कामधेनु महाघंटा अभियान समिति के माध्यम से प्रसाद साबूदाना खिचड़ी वितरित की गई।