
Cyber Crime: बीते 36 घंटे में दर्ज हुए ठगी के 35 से अधिक प्रकरण, डेढ़ करोड़ रुपए की हुई धोखाधड़ी
भोपाल: भोपाल में साइबर ठगी के मामलों ने एक बार फिर पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। बीते 36 घंटे में शहर के अलग-अलग थानों में साइबर ठगी के तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हुए हैं। इन ठगी में लोगों से करीब एक करोड़ 50 लाख से अधिक की राशि हड़पी गई है। इनमें पुलिस अब फरियादियों की शिकायत के आधार पर फर्जी लिंक, मोबाइल नंबर और जिन एकाउंटों में पैसे गए हैं, उनकी जांच-पड़ताल कर रही है। ठगी करने वालों ने किस एप से लोगों को ठगा है, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सभी मामलों में आरोपियों ने अलग-अलग तरीके अपनाए, लेकिन तरीका लगभग एक जैसा फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल हैक करना और खाते से रकम साफ कर देना रहा है। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों की मानें तो स्टेट साइबर सेल में अभी डेढ़ दर्जन मामले और पड़े हैं, जिनमें एफआईआर कराई जानी हैं। एक-दो दिन के अंदर यह मामले में भी संबंधित थानों में पहुंच जाएंगे।
पुलिस के अनुसार 36 घंटे के अंदर दर्ज हुई 35 एफआईआर दर्ज हुई हैं, इसमें ऐशबाग, हबीबगंज, मिसरोद, बाग सेवानियां, कोलार रोड, अशोका गार्डन, कमला नगर, पिपलानी, अवधपुरी, बैरागढ़, शाहजहांनाबाद, निशातपुरा और गांधीनगर थानों में आनलाइन तरीके से धोखाधड़ी हुई है। इसमें सर्वाधिक भोपाल के जोन-2 में 15 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सबसे ज्यादा बागसेवनियां में 7 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद जोन-1 में 09 प्रकरण दर्ज हुए हैं। इसके अलावा, जोन-4 में पांच साइबर फ्रॉड के केस सामने आए हैं। सभी मामलों में राज्य साइबर की ओर से जीरो में एफआईआर दर्ज कर थानों को भेजी गई है। थाना पुलिस अब लगातार पीड़ितों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि अधिकांश लोगों के साथ बीते चार महीने के अंदर यह ठगी हुई है। साइबर पुलिस के पास पहुंची इन शिकायतों पर गंभीरता से पड़ताल के बाद इन्हें थानों में भेजा गया है।




