Home खबरों की खबर

Elephant Stolen from Handicraft Showroom: 50 हजार रुपए के भारी-भरकम हाथी को बोरी में भर कर कंधे पर उठा ले गया चोर ,देखिये वीडियो

265

Elephant Stolen from Handicraft Showroom: 50 हजार रुपए के भारी-भरकम हाथी को बोरी में भर कर कंधे पर उठा ले गया चोर ,देखिये वीडियो

राजस्थान के जोधपुर शहर के अति व्यस्त सोजती गेट बाजार से दिनदहाड़े चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक हैंडीक्राफ्ट शोरूम के बाहर सजावट के लिए रखा गया पीतल का भारी-भरकम ‘हाथी’ अचानक गायब हो गया.

हैरानी की बात यह है कि करीब 70 किलो वजनी और 50 हजार रुपये की कीमत वाले इस हाथी को एक शातिर चोर ने पलक झपकते ही पार कर दिया. यह पूरी दुस्साहसिक करतूत वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है.

CCTV में कैद हुई चोरी 

जानकारी के अनुसार, यह घटना सोजती गेट स्थित ‘गणेश हैंडीक्राफ्ट्स’ शोरूम की है. शोरूम के मालिक महेश ने बताया कि शुक्रवार शाम बाजार में अच्छी-खासी चहल-पहल थी. इसी दौरान एक युवक शोरूम के पास पहुंचा. सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी पहले कुछ देर तक आसपास की गतिविधियों की रेकी करता है और इधर-उधर नजर दौड़ाता है. मौका मिलते ही वह बाहर रखा पीतल का भारी हाथी उठाता है और तेज कदमों से वहां से रफूचक्कर हो जाता है.

हाथी इतना भारी होने के बावजूद चोर ने इतनी सफाई से उसे उठाया कि आसपास मौजूद किसी भी शख्स को इसकी भनक तक नहीं लगी. कुछ देर बाद जब शोरूम के स्टाफ की नजर बाहर पड़ी, तो हाथी गायब था. जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तब जाकर चोरी का यह पूरा दृश्य सामने आया. इस घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में काफी रोष है.

उनका कहना है कि अगर दिनदहाड़े मुख्य बाजार के बीचोंबीच से इतनी बड़ी और भारी वस्तु चोरी हो सकती है, तो इलाके की पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना लाजिमी है. पूरे क्षेत्र में यही चर्चा है कि आखिर इतना भारी हाथी चोर ले कैसे गया?

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

फिलहाल शोरूम मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और उसकी तलाश में सरगर्मी से जुट गई है. अब देखना यह है कि पुलिस कब तक इस शातिर चोर को पकड़ पाती है और यह ‘पीतल का हाथी’ कब अपने असली ठिकाने पर लौट पाता है.

error: Content is protected !!