
भोपाल में नवाबकालीन ऐतिहासिक दस्तावेजों की चोरी या फिर ताला किसी साजिश के तहत खोला गया!
भोपाल। भोपाल रियासत के नवाबकालीन ऐतिहासिक दस्तावेजों से जुड़े मामले में अब श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने पड़ताल तेज कर दी है कि यहां पर ताला टूटने के बाद कोई चोरी हुई है या फिर ताला किसी साजिश के तहत खोला गया है। इस मामले में पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इसके पहले छह साल पहले यानी 2020 में चोरी के मामले में बरामद किए गए बहुमूल्य अभिलेखों को प्रोफेसर कॉलोनी स्थित 10 नंबर सरकारी क्वार्टर में सुरक्षित रखा गया था, उसी क्वार्टर के ताले टूटे हुए मिले हैं। स्थानीय केयरटेकर दिनेश रायकवार ने बताया कि जिस क्वार्टर में ये दस्तावेज रखे थे, वहां पर दरवाजा बंद था-कुंडी लगी थी, लेकिन टूटा हुआ ताला लटका हुआ है। शिकायत के बाद इस मामले में पड़ताल जारी है। पुलिस को यह भी आशंका है कि कई बार ताले एक समय के बाद खुद-ब-खुद खुल जाते हैं। ऐसे में इस मामले में एक्सपर्ट की मदद से जांच की जा रही है। साथ ही, अफसरों की उपस्थिति में मौके पर जाकर दस्तावेजों की पुष्टि को लेकर भी काम किया जा रहा है।





