कही-सुनी : महू में मोहन को हनुमान ,उधर लोधी जी भगवान राम की माँ का नाम नहीं बता पाए !

93

कही-सुनी : महू में मोहन को हनुमान ,उधर लोधी जी भगवान राम की माँ का नाम नहीं बता पाए !

कीर्ति राणा

🔹ये जहरीला गठजोड़ तो गजब का है !

मप्र में यू तो भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे की गलती तलाशने का कोई मौका नहीं छोड़ते लेकिन अंदरुनी तौर पर कैसा याराना निभाते हैं यह आबकारी विभाग द्वारा हाल ही में ग्वालियर जिले में की गई कार्रवाई से उजागर हो गया है।
ये ‘गजब गठजोड़’ ग्वालियर जिले के घाटीगांव क्षेत्र में हाईवे पर देखने को मिला। आबकारी दल ने भाजपा नेता सुरेंद्रसिंह तोमर के फार्म हाउस पर छापा मारकर 36 ड्रम-केन में भरी करीब 22,850 लीटर ओपी सहित मशीनें व अन्य शराब से संबंधित सामग्री जब्त की थी । अब जब इसकी फॉरेंसिक लेबोरेटरी रिपोर्ट सामने आई तो आबकारी की टीम भी अलर्ट मोड में आ गई। रिपोर्ट के मुताबिक उक्त शराब जहरीली निकली। खबर है कि इस भाजपाई फैक्ट्री का मास्टरमाइंड कांग्रेस नेता रणदीप मलिक और अमित कुमार है। रणदीप मलिक के बारे में एक और जानकारी सामने आई कि इस पर अंतरराज्यीय तस्करी के करीब 15 प्रकरण दर्ज हैं। जांच के परिणाम से ही स्पष्ट होगा कि वाकई दोनों दलों के इन नेताओं में साठगांठ थी कि भाजपा नेता को रणदीप के इस गैरकानूनी काम की जानकारी नहीं थी।भाजपा नेता के फार्म हाउस पर पकड़ाई शराब निकली जहरीली, पीने वाले की मौत तय थी, मास्टमाइंड कांग्रेसी फरार

🔹उलझा दिया ना !

भोपाल उत्तर से कांग्रेस के मुस्लिम विधायक आतिफ अकील ने गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग उठाई है। साथ ही उन्होंने इसे लेकर बीजेपी पर तंज भी कसा है। उन्होंने विधानसभा में अशासकीय संकल्प पेश कर कहा कि यदि हिंदू धर्म गाय को मां मानता है तो उसका सम्मान करते हुए उसे राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने गाय की मृत्यु पर अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने की भी बात कही है। उनके विधायक पिता ने भी इसी आशय की मांग की थी। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने तो मुस्लिम विधायक की तारीफ करते हुए कह दिया है कि अगर उनका यह प्रस्ताव असफल रहता है तो यह हिंदू विधायकों पर कलंक होगा।

🔹महू में मोहन को हनुमान !

मुख्यमंत्री से पहले मोहन यादव पहलवान हैं और पहलवानों के इष्ट तो हनुमान ही होते हैं । यह  बात कटार वाली दीदी को पता है। अभी जब मोहन यादव उनके विधानसभा क्षेत्र महू में पहुंचे तो उषा ठाकुर ने उन्हें हनुमान की प्रतिमा भेंट की। मुख्यमंत्री ने भी प्रसन्न होकर मूर्ति को ऊपर उठाते हुए सबको बताया कि कटार वाली दीदी ने रामभक्त हनुमान जी की ये मूर्ति भेंट की… इस दौरान जय श्रीराम, जय हनुमान के नारे भी लगे..!

collage 7

🔹अब सोनी देपालपुर में ‘हुनर’ दिखाएंगे ?

कॉलोनी सेल देख रहे एसडीएम प्रदीप सोनी के ‘हुनर’ के किस्से कलेक्टोरेट में सब को पता थे लेकिन बर्र के छते में हाथ कौन डाले। अभी जब हरियाणा गृह निर्माण संस्था वाली हुनरबाजी उजागर हुई तब भी प्रचारित कराया कि ऐसा कुछ गलत हुआ नहीं है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने शिकायतों के बोझ तले संयुक्त कलेक्टर प्रदीप सोनी को उनके पदों से तत्काल प्रभाव से बेदखल कर देपालपुर अनुभाग का अनुविभागीय अधिकारी एसडीएम नियुक्त कर दिया है। सोनी पर पूर्व में भी इसी विभाग में रहते हुए गंभीर आरोप लगे थे और उन्हें हटाया गया था।
निर्विवाद छवि वाले घनश्याम धनगर की कार्यक्षमता को देखते हुए सांवेर से उनकी पुनः जूनी इंदौर एसडीएम के पद पर वापसी हुई है। धनगर की जगह संयुक्त कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी को सांवेर का नया एसडीएम नियुक्त किया है। नजूल की जमीनों का रिकॉर्ड समय सीमा में व्यवस्थित करने वालीं रोशनी पाटीदार को अब कॉलोनी सेल प्रभारी का दायित्व सौंपा है।

🔹उम्मीद नहीं थी ऐसे जंगी मुकाबले की

गांधीभवन पर एकत्र हुए कांग्रेस कार्यकर्ता को प्रदर्शन करने भाजपा कार्यालय जाना था-उनसे पहले भाजपा कार्यकर्ता लामबंद होकर गांधीभवन पहुंच गए। वहां दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में जो जंगी मुकाबला हुआ उसमें दोनों दलों के कार्यकर्ता तो घायल हुए ही, वीडियो जर्नलिस्ट भी शिकार हुए, एडिशनल डीसीपी तो कार्यकर्ताओं को समझाने गए थे लेकिन उन्हें ही धक्का दे दिया, वो जमीन पर गिर पड़े। इस पूरे हंगामे में मूक दर्शक बने रहे पुलिस जवानों पर महिला कांग्रेस की पूर्व शहर अध्यक्ष सोनीला मिमरोट के रौद्र रूप वाले वीडियो ने उन्हें फिर चर्चा में ला दिया।

🔹संकल्प शिवराज सिंह का

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि अब वे किसी से न तो स्मृति-चिह्न लेंगे और न ही फूल-मालाओं से अपना स्वागत कराएंगे। उन्होंने तय किया है कि अगर मेरा स्वागत करने आओ तो एक पेड़ लगाकर उसकी फोटो खींच लो और कह दो कि मामा, ये लगा दिया। मेरा स्वागत हो जाएगा। 5 मार्च को शिवराज सिंह का जन्मदिन है। इसे लेकर उन्होंने अपील की है कि कोई भी बैनर-पोस्टर या होर्डिंग न लगाए, बल्कि उसकी जगह पौधा लगाए।

🔹पूर्व मंत्रियों को पार लगाएगी धर्म की नैया

मध्य प्रदेश की राजनीति में तो आउटडेटेड मान लिये गये भाजपा के दो पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और भूपेंद्र सिंह अब धर्म की राह से राजनीति की मंजिल तलाशने में लगे हैं। नरोत्तम ने ग्वालियर डबरा (ग्वालियर) में नवग्रह शक्ति पीठ की स्थापना के बहाने शीर्षस्थ संतों-महामंडलेश्वरों के साथ राजनीति के पॉवर सेंटरों को एक मंच पर एकत्र कर अपना रुतबा तो दिखा ही दिया।
पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने भी धार्मिक आयोजनों में सक्रियता बढ़ा दी है। उन्होंने सागर में बड़े स्तर पर कथा महोत्सव और दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर का आयोजन किया, जिसे वे एक धार्मिक यज्ञ के रूप में संबोधित कर रहे हैं, जिसमें वे अपनी राजनीतिक भूमिका के साथ धार्मिक गतिविधियों को जोड़ रहे हैं।

🔹भूरा सेठ मतलब टेम्पल मेन

महिदपुर रोड के समाजसेवी संतोष विश्वकर्मा (भूरा सेठ) धार्मिक रुचि और मंदिर निर्माण जैसे सेवा कार्यों के चलते क्षेत्र में टेम्पल मेन के रूप में पहचान बना चुके हैं। उन्होंने गांव और आसपास के अनेक प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य किया है । केवल सहयोग ही नहीं, वे स्वयं तन-मन-धन से इसमें सहभागी रहते हैं । गणेश मंदिर, शीतला माता मंदिर, शनि मंदिर और साईं मंदिर सहित कई मंदिरों के विकास में उनका योगदान रहा है । पोस्ट ऑफिस चौराहा स्थित दुर्गा माता मंदिर से उनका विशेष लगाव है । यहां वे वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं. समिति के प्रमुख सदस्य होते हुए भी वे हमेशा विनम्र बने रहते हैं. उनका मानना है कि मंदिर केवल ईश्वर की उपासना का स्थल नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाला केंद्र भी है। हर वर्ष आयोजित होने वाला नवदुर्गा महोत्सव,
श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा और महिदपुर रोड से चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ मंदिर तक की पैदल यात्रा में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इस यात्रा में 150 से अधिक श्रद्धालुओं का पूरा व्यय वे स्वयं वहन करते हैं. किंतु कोई पूछे, तो बस इतना कहते हैं
मैं कौन करने वाला… कराने वाले तो सांवरिया सेठ हैं। मूल रूप से होटल व्यवसायी संतोष के पिता बालकृष्ण विश्वकर्मा भी समाजसेवी रहे हैं।

🔹होमगार्ड ‘तकदीर’ से आयपीएस हो गए

उज्जैन होमगार्ड में पदस्थ सैनिक रवि शर्मा अब बॉलीवुड में पहचान बना चुके हैं। प्रदर्शित होने वाली फिल्म ‘तकदीर’ में वे आईपीएस डीसीपी शैलेश अग्रवाल की भूमिका निभाते नजर आएंगे । इस फिल्म की शूटिंग भोपाल में हुई है और इसका निर्माण अरबाज खान प्रोडक्शन के बैनर तले किया जा रहा है। इस फिल्म में रवि शर्मा को मनीषा कोइराला और अरबाज खान जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला है। इससे पहले वे कई फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं। वे अब तक करीब दस फिल्मों में काम कर चुके हैं, लेकिन बड़े कलाकारों के साथ यह उनका पहला अनुभव है. उनके लिए यह मौका बेहद खास और यादगार है । इस फिल्म की भोपाल शूटिंग का शेड्यूल पूरा हो गया है। वर्दी में उनकी सख्त छवि एक प्रभावशाली पुलिस अधिकारी वाली है।

🔹अवि-अंकिता का उज्जैन कनेक्शन

v4nmpo98 ias avi prasad ankita dhakare wedding photos love story mp

आईएएस अवि प्रसाद की तीसरी और अंकिता धाकरे की पहली शादी का उज्जैन कनेक्शन रहा है। यहां हुई दोस्ती प्यार में बदल गई। पांच साल पहले 2022 में अवि प्रसाद उज्जैन में एडीएम पदस्थ थे, तब अंकिता धाकरे जिला पंचायत में मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद पर सेवाएं दे रही थीं। यहीं से दोनों की मुलाकात हुई, जो बाद में दोस्ती और फिर साल 2026 में प्रेम विवाह तक पहुंची। ये शादी चोरी-छुपे नहीं बल्कि राजी-मर्जी से और धाकरे परिवार की सहमति से हुई है।अवि प्रसाद 40 के हैं और अंकिता उनसे 4 साल छोटी हैं।

🔹ब बोले तो बकरी का

बड़वानी जिले के पाटी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले चेरवी गांव में प्राथमिक स्कूल पशु बाड़े में संचालित हो रहा है। इस स्कूल में करीब 20 आदिवासी बच्चे गाय-बकरियों के बीच बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। गांव में स्कूल भवन का निर्माण तो शुरू हुआ लेकिन आज तक पूरा नहीं हो सका। अधूरे भवन में न छत है और न दरवाजे-खिड़कियां, ऐसे में गर्मी और बारिश के मौसम में वहां पढ़ाई कराना संभव नहीं है । मजबूरी में ग्रामीणों ने एक कच्ची टपरी में स्कूल की व्यवस्था की, जहां एक ओर मवेशी बंधे रहते हैं और दूसरी ओर बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ाई करते हैं।

🔹दिव्यांग की पुकार
डिंडौरी जिला मुख्यालय में जनसुनवाई के दौरान एक आवेदक घिसटते हुए कलेक्टर दफ्तर पहुंचा । यह देख कर सुरक्षाकर्मियों ने उसे उठाने का भी प्रयास किया लेकिन आक्रोशित आवेदक गुस्से में चिल्लाते हुए अपनी पीड़ा बताने लगा । मौके पर मौजूद जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने फरियादी को उठाकर कुर्सी पर बैठाया और फिर उसकी समस्या सुनी और आवेदक को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन से आवेदक संतुष्ट तो हुआ लेकिन चेतावनी भी दे डाली कि एक सप्ताह में न्याय नहीं मिला तो एक पूरे परिवार सहित सड़क पर हड़ताल करने बैठ जाएगा।

🔹बताओ राम की मां कौन थीं ?

1 59 e1771935603302

विधानसभा में ‘जी-राम-जी योजना’ को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान पक्ष और विपक्ष के सदस्य एक-दूसरे को राम भक्त और राम विरोधी होने की बातें कहने लगे। तभी कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी का टेस्ट ले लिया। उन्होंने पूछा कि भगवान राम की माता का नाम बताइए। लोधी नाम तो बता नहीं पाए, प्रश्न पर प्रश्न करते रहे।