WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

ACB Trap: SI और ASI 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

ACB Trap: SI और ASI 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

 

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर और एएसआई को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबिकापुर की टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों एक मर्ग जांच के दौरान एक ग्रामीण को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 25 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे। इस दौरान पहले से सुनियोजित योजना के अनुसार ACB ने SI–ASI को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

पूरा मामला कोरिया जिले के बचरापोड़ी पुलिस चौकी का है। यहां चौकी प्रभारी के पद पर सब इंस्पेक्टर अब्दुल मुनाफ पदस्थ हैं। यहीं एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव भी पदस्थ हैं। दोनों ने सत्येंद्र प्रजापति नामक ग्रामीण को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

दरअसल बचरापोड़ी पुलिस चौकी अंतर्गत रहने वाले ग्रामीण सत्येंद्र प्रजापति के घर के सामने कुछ समय पूर्व एक दर्दनाक घटना हुई थी। घर के सामने स्थित एक गड्ढे में गिरकर एक डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई थी। बचरापोड़ी पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही थी।

जिस गड्ढे में गिरकर मासूम की मौत हुई वह गड्ढा सत्येंद्र प्रजापति के घर के सामने था इसलिए उसे भी चौकी में बयान देने के लिए बुलाया गया था। मर्ग जांच के दौरान चौकी प्रभारी एसआई अब्दुल मुनाफ और एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव ग्रामीण सत्येंद्र प्रजापति से इसी मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। सौदेबाजी में 25 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था।

प्रार्थी ने इसकी शिकायत अंबिकापुर एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में की थी। शिकायत का सत्यापन करवाने के बाद आज ACB ने ट्रैप कार्यवाही का प्लान बनाया। ग्रामीण को रिश्वत की रकम लेकर पुलिस चौकी में भेजा गया। ग्रामीण ने रिश्वत की रकम SI और ASI को दी फिर बाहर निकलकर चौकी के बाहर खड़े टीम को इशारा किया। टीम ने चौकी में रेड मारकर एसआई अब्दुल मुनाफ और एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ एसीबी आगे की कार्रवाई में जुटी है।